Top News

चार दिन बाद पूरी तरह से बहाल हुई विद्युत आपूर्ति, मिली राहत

चार दिन बाद पूरी तरह से बहाल हुई विद्युत आपूर्ति, मिली राहत

•बुधवार दोपहर 01 बजे केबल फाल्ट होने से हुई थी बाधित

•आधी आपूर्ति मंगलवार शाम तो आधी बुधवार दोपहर तक हुई बहाल

करहां (मऊ) : करहां-जमुई विद्युत उपकेंद्र 33/11 के टाउन फीडर से जुड़े दरौरा गांव में चार दिन बाद पूरी तरह से विद्युत आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे फाल्ट आने से गांव की राजपूत बस्ती, अनुसूचित बस्ती, कश्यप बस्ती सहित शमशाबाद रोड क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। लगातार चार दिन तक बिजली बाधित रहने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बिजली न रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया था। मोटर और सबमर्सिबल बंद होने के कारण ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा था। रात में पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाने से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पंखे, कूलर, मोबाइल चार्जिंग व अन्य जरुरी उपकरण बंद रहने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही थी।

ग्रामीणों के अनुसार गद्दोपुर मील के पास स्थित ट्रांसफार्मर से क्षेत्र में आपूर्ति की जाती है। फाल्ट आने के बाद रविवार से लेकर मंगलवार तक विद्युत विभाग की टीम लगातार मरम्मत कार्य में जुटी रही, लेकिन फाल्ट सही तरीक़े से नहीं मिलने के कारण आपूर्ति सुचारु रुप से बहाल नहीं हो पा रही थी। इस बाबत दैनिक जागरण व अजीत एक्सप्रेस में सोमवार को प्रकाशित हुई थी। इसके बाद महकमा जागा और मंगलवार दिन भर की कड़ी मशक्कत के बाद अंततः देर शाम सफलता मिल गई।

मंगलवार शाम को उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर छोटेलाल विद्युत कर्मियों विपिन चतुर्वेदी, कादिर अहमद, संजय कुमार व जलाल अहमद के साथ मौके पर पहुंचे और जगह-जगह जांच कराई। जांच में पता चला कि आंधी के कारण शीशम के पेड़ के पास केबल आपस में सट गई थी, जिससे बार-बार फाल्ट हो रहा था। खराबी दूर करने के बाद मंगलवार शाम करीब सात बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन ठीक से कनेक्शन नहीं हो पाने के कारण पुनः आधा गांव रात भर अंधेरे में रहा। अंततः बुधवार दोपहर 12 बजे कनेक्शन ठीक करके पूरी तरह से आपूर्ति बहाल कर दी गई। जेई छोटेलाल ने उपभोक्ताओं से पेड़ों की डालियों की समय-समय पर कटाई कराने और समस्या होने पर विभाग को सूचना देने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post