Top News

अधिवक्ता संघ चुनाव में ओमप्रकाश और विनोद कुमार सिंह ने मारी बाजी

अधिवक्ता संघ चुनाव में ओमप्रकाश और विनोद कुमार सिंह ने मारी बाजी

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव का परिणाम गुरुवार को घोषित किया गया। तहसील परिसर स्थित पुस्तकालय भवन में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान हुआ, जिसके बाद साढ़े तीन बजे से मतगणना शुरु की गई। चुनाव में सभी 58 अधिवक्ताओं ने मतदान कर शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की।

एल्डर कमेटी के चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता ने मतगणना पूर्ण होने के बाद अध्यक्ष पद पर ओमप्रकाश राम तथा मंत्री पद पर विनोद कुमार सिंह की जीत की घोषणा की। अध्यक्ष पद के चुनाव में ओमप्रकाश राम को 35 वोट मिले, जबकि खालिद जमाल खान को 23 मत प्राप्त हुए। वहीं मंत्री पद पर विनोद कुमार सिंह ने 30 मत हासिल कर आफताब आलम को दो वोटों से पराजित किया। आफताब आलम को 28 मत मिले।

इससे पहले उपाध्यक्ष पद पर सैयद अली इमदाद जैदी, ऑडिटर पद पर विद्यापति यादव और सदस्य कार्यकारिणी पद पर मुनव्वर अली निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। परिणाम सामने आते ही समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर खुशी जाहिर की। इस दौरान अली अकरम, महेंद्र राय, सुधीर श्रीवास्तव, प्रभाकर राय, पवन श्रीवास्तव, प्रदीप चौहान, फिरोज अहमद, रामयाद सिंह, संजय तिवारी, अच्छेलाल शर्मा, अनुराग श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post