फांसी के फंदे पर लटकता मिला युवक, गृहकलह में आत्महत्या की आशंका
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के देवसीपुर गांव में शुक्रवार की देर रात करीब 45 वर्षीय व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पाकर मयहमराह पहुंचे क्षेत्राधिकारी व कोतवाल ने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच करवाई व शव को अन्त्य परीक्षण हेतु ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार देवसीपुर निवासी श्याम बिहारी राजभर गृहकलह के कारण घर की छत पर बने कमरे में पंखे में साड़ी के किनारे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जाता है कि रात में परिवार के भीतर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न निकलने पर स्वजन को आशंका हुई। आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर खिड़की से देखा गया तो वह फंदे से लटके मिले। यह देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही देर रात क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को विधिक कार्यवाही हेतु सुरक्षित किया। चर्चा है कि व्यक्ति के किसी अवैध संबंधों के कारण गृह कलह हुआ था।
मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा बताया जा रहा है। परिवार में पत्नी संगीता, दो बेटियां अमृता और मनीषा तथा एक पुत्र समीर हैं। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु के सही कारणों का पता लग सकेगा।

Post a Comment