ज्योति कलश रथ यात्रा का विभिन्न स्थानों पर किया गया स्वागत-अभिनंदन
•गायत्री परिवार के शांतिकुंज हरिद्वार से निकला अखंड ज्योति कलश रथ
•अखंड दीप प्राकट्य व माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी पर चल रहा भ्रमण
करहां (मऊ) : गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में अखंड दीप प्राकट्य की शताब्दी एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर निकाली गई ज्योति कलश रथ यात्रा का शनिवार को मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा के साथ स्वागत किया गया। रथ यात्रा करहां, राजर्षि नगर दरौरा, मालव, लग्गूपुर व हिंडोला में पहुंची। जहां श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन, आरती कर पुष्पवर्षा के साथ स्वागत-अभिनंदन किया।
इस दौरान रथ संयोजक संजय सिंह ने बताया कि अखंड दीप आत्मिक जागरण का प्रतीक है। यात्रा का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण व समाज निर्माण के माध्यम से राष्ट्र जागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज में सद्बुद्धि, संस्कार व सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही है।
हिंडोला गांव स्थित पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह के यहां सायंकाल दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। विभिन्न पड़ावों पर मुख्य रुप से विष्णुकांत श्रीवास्तव, शषिभूषण प्रताप सिंह, डाक्टर सुभाष वर्मा, सुबाशंकर सिंह, विजयबहादुर, वीरेंद्र यादव आदि ने बड़ी संख्या में गृह-कुटुंब, स्नेही-स्वजन, व ग्राम-नगरवासियों सहित पूजन-अर्चन, आरती-पुष्पार्चन व स्वागत-अभिनंदन में उपस्थित रहे।


Post a Comment