Top News

छह ज्योतिर्लिंगों व माता वैष्णो देवी की आस्था यात्रा पर निकला 45 श्रद्धालुओं का जत्था

छह ज्योतिर्लिंगों व माता वैष्णो देवी की आस्था यात्रा पर निकला 45 श्रद्धालुओं का जत्था

करहां (मऊ) : गुरुपूर्णिमा की पुण्य बेला में करहां की धरती से आस्था, श्रद्धा और भक्ति का एक कारवां देश के पावन तीर्थों की ओर रवाना हुआ। बाबा घनश्याम दास कांवरिया संघ के तत्वावधान में 45 श्रद्धालुओं का जत्था छह ज्योतिर्लिंगों एवं माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ प्रस्थान कर गया। यात्रा का शुभारंभ गुरादरी मठ स्थित पाताल गंगा सरोवर में पवित्र स्नान और बाबा घनश्याम साहब की समाधि पर विधिवत पूजन-अर्चन से हुआ। हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष और मंगलकामनाओं के बीच श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ अपनी तीर्थ यात्रा आरंभ की।

यात्रा संयोजक एवं स्थानीय व्यवसायी अनिल उर्फ सुम्मन भारद्वाज ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, सोमनाथ, नागेश्वर सहित छह ज्योतिर्लिंगों के साथ द्वारिकाधीश, भेंट द्वारका, काशी विश्वनाथ, मैहर, पुष्कर, खाटूश्याम और मेहंदीपुर बालाजी जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन करेंगे। इसके बाद 20 अगस्त से माता वैष्णो देवी की यात्रा प्रारंभ होगी, जिसमें विंध्याचल, अष्टभुजा, मथुरा, कुरुक्षेत्र, स्वर्ण मंदिर, जालियांवाला बाग, वाघा बॉर्डर, हरिद्वार, ऋषिकेश और अयोध्या के दर्शन भी शामिल हैं।

यात्रा दल में विजय दास, प्रमोद यादव, विधिचंद्र चौहान, राधेश्याम, हरिकेश यादव, दुर्गेश कुमार, आनंद मद्धेशिया, हरेंद्र यादव बिलठू, राकेश कुमार, हरिलाल यादव सहित कुल 45 श्रद्धालु सम्मिलित हैं। प्रस्थान के अवसर पर क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा, शुभकामनाओं और मंगलकामनाओं के साथ यात्रियों को भावभीनी विदाई दी। वातावरण में गूंजते शिव नाम और श्रद्धा से ओत-प्रोत भावों ने इस यात्रा को केवल एक सफर नहीं, बल्कि आध्यात्मिक साधना का शुभारंभ बना दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post