गुरुपूर्णिमा पर करजौली आश्रम पहुंचीं पूनम सरोज, संतों का लिया आशीर्वाद
करहां (मऊ) : गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर भाजपा नेत्री पूनम सरोज तथा वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. उमेश सरोज ने करजौली स्थित पूज्य संत बाबा सरजू दासजी के आश्रम में पहुंचकर उनकी समाधि पर श्रद्धापूर्वक नमन किया और पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत दोनों ने आश्रम परिसर में आयोजित आध्यात्मिक सत्संग में भाग लेकर कथावाचक हरिओम शरणदास महाराज का आशीर्वाद एवं प्रेरणादायी प्रवचन सुना। इस अवसर पर उन्होंने महाराज को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया।
पूनम सरोज ने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में गुरु को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाने वाला मार्गदर्शक माना गया है। गुरु का सान्निध्य व्यक्ति के जीवन में सदाचार, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर समाज का मार्गदर्शन करते रहने की कामना की। सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु महिमा का श्रवण किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में श्याम चौबे, गिरीशचंद्र गुप्ता, अंकित सरोज, राधेकांत मद्धेशिया सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।



Post a Comment