बचाव ही वायरल फीवर और डेंगू का सबसे बड़ा उपचार : डा. संतोष यादव
करहां (मऊ) : बरसात के मौसम में वायरल फीवर, सर्दी-खांसी और डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरुरत है। यह बात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी मुहम्मदाबाद गोहना के चिकित्सक डा. संतोष कुमार यादव ने कही।
उन्होंने बताया कि जुलाई और अगस्त में संक्रमण तेजी से फैलता है। खांसी या छींक आने पर मुंह और नाक को रुमाल अथवा मास्क से ढकें, जिससे संक्रमण अन्य लोगों तक न पहुंचे। हमेशा ताजा व स्वच्छ भोजन करें तथा खुले और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों से परहेज रखें। पीने के लिए केवल उबला या शुद्ध पानी ही इस्तेमाल करें।
डा. यादव ने कहा कि बरसात में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू और अन्य मच्छरजनित रोगों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए नियमित रुप से मच्छरदानी का प्रयोग करें तथा घर और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। कूलर, बाल्टी, टंकी, गमले व अन्य पात्रों का पानी समय-समय पर बदलते रहें, क्योंकि डेंगू फैलाने वाले मच्छर साफ पानी में ही पनपते हैं।
उन्होंने लोगों से व्यक्तिगत एवं आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में चर्म रोगों की संभावना भी बढ़ जाती है। समय रहते सावधानी अपनाकर इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।

Post a Comment