Top News

क्षीरसागर शिवालय, करहां गांव, मऊ

क्षीरसागर शिवालय, करहां गांव, मऊ

करहां (मऊ) : करहां गांव के मध्य स्थित क्षीरसागर श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में शिवशंकरी वृक्ष के नीचे भगवान शिव का प्राचीन एवं आस्था का प्रमुख केंद्र शिवालय स्थापित है। यहां करहां सहित आसपास के अनेक गांवों के श्रद्धालु नियमित रुप से भगवान शिव का पूजन-अर्चन करने पहुंचते हैं। भक्तों की मान्यता है कि सच्चे मन से की गई आराधना से महादेव मनोवांछित फल प्रदान करते हैं।

मंदिर का इतिहास : शिवलिंग की स्थापना सर्वप्रथम गांव के प्रतिष्ठित नागरिक रहे स्व. तुलसी सिंह के परिवार के सदस्य स्व. जमादार सिंह ने वर्ष 1970 के दशक में कराई थी। इसके बाद 20 जून 2018 को समस्त ग्रामवासियों के श्रद्धा, सहयोग और आर्थिक योगदान से यहां एक सुंदर शिवालय का निर्माण कराया गया। मंदिर के पूर्व महंत एवं पुजारी ब्रह्मलीन संत भगवान दासजी महाराज ने विधि-विधानपूर्वक शिवलिंग की पुनर्स्थापना कराई। इस पावन स्थल से क्षेत्र के प्रसिद्ध शांकर संन्यासी स्वामी ज्ञानानन्द सरस्वतीजी महाराज तथा मठ गुरादरी के वर्तमान महंत मानस धुरन्धर भगवान दासजी महाराज का भी विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव है।

मंदिर की विशेषता : श्रद्धालुओं के लिए यह शिवालय आस्था और विश्वास का महत्वपूर्ण केंद्र है। भक्तों का विश्वास है कि यहां भगवान शिव की आराधना करने से सुख-समृद्धि प्राप्त होती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। क्षेत्रफल एवं आबादी की दृष्टि से बड़ा गांव होने के कारण मंदिर के धार्मिक आयोजनों एवं व्यवस्थाओं में समस्त ग्रामवासियों का सक्रिय सहयोग रहता है। सनातन परंपराओं के अनुरुप मंदिर में प्रतिदिन भगवान को दिव्य भोग अर्पित किया जाता है। सावन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, कार्तिक मास, दशहरा, दीपावली, मकर संक्रांति, होली, रामनवमी, महाशिवरात्रि एवं गुरुपूर्णिमा सहित विभिन्न पर्वों पर विशेष पूजा-अर्चना, कीर्तन, मानस पाठ, रुद्राभिषेक और भंडारे का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया जाता है।

•शिवजी की अनुकंपा से मंदिर में विराजमान श्रीलक्ष्मीनारायण के मनोहारी विग्रह की सेवा का सौभाग्य मिला। पूर्व पुजारीजी के ब्रह्मलीन होने के बाद से मंदिर की स्वच्छता, आरती-पूजन और भोग-प्रसाद की व्यवस्था श्रद्धा एवं समर्पण के साथ करता आ रहा हूं। मंदिर के प्रति सभी ग्रामवासियों की गहरी आस्था और आत्मीयता है। भगवान शिव सभी का मंगल करें।

-प्रमोद दास, पुजारी, करहां

•करहां गांव के प्रत्येक परिवार की मंदिर के प्रति गहरी श्रद्धा है। ग्रामीण एकजुट होकर श्रीलक्ष्मीनारायण और शिव मंदिर की सेवा में अपना योगदान देते हैं। सावन के अलावा वर्षभर के विभिन्न पावन अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। महादेव सभी के जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि प्रदान करें। हर-हर महादेव।

-वासुदेव मौर्य, शिवभक्त, करहां

Post a Comment

Previous Post Next Post