Top News

हर-हर महादेव के जयघोष के साथ निकली सैकड़ों शिवभक्तों की जलाभिषेक कलश यात्रा

हर-हर महादेव के जयघोष के साथ निकली सैकड़ों शिवभक्तों की जलाभिषेक कलश यात्रा

करहां (मऊ) : सावन माह के प्रथम दिवस पर गुरुवार को करहां परिक्षेत्र के शमशाबाद गांव से सैकड़ों स्त्री-पुरुष श्रद्धालुओं की भव्य जलाभिषेक कलश यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। कुंता सरोज एवं रम्मन राम के नेतृत्व में शिव मंदिर कोठिया शमशाबाद से प्रारंभ हुई यात्रा दरौरा, गद्दोपुर, करहां और रसूलपुर होते हुए चकजाफरी स्थित प्रसिद्ध गुरादरी मठ पहुंची।

गुरादरी मठ स्थित पाताल गंगा सरोवर से श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरकर परिक्रमा की तथा बाबा घनश्याम साहब का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद सभी श्रद्धालु पुनः गांव स्थित शिवालय पहुंचे, जहां भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया गया।

शिव-पार्वती के सुसज्जित रथ, गाजे-बाजे और 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा। रिमझिम फुहारों के बीच नंगे पांव कलश लेकर चल रहे श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी। कई शिवभक्त भगवान शिव के गणों का स्वरुप धारण कर नृत्य करते हुए यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। जलाभिषेक के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

प्रति वर्ष सावन के प्रथम दिन आयोजित होने वाली इस कलश यात्रा के सफल संचालन में गांव के युवाओं ने स्वयंसेवक के रुप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यात्रा में रम्मन राम, कुंता सरोज, कन्हैया सरोज, श्यामदेव, दिनेश कुमार, सीमा देवी, मंती देवी, गीता देवी, पार्वती, कमली देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post