Top News

चेहल्लुम व श्रावण कांवड़ यात्रा को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

चेहल्लुम व श्रावण कांवड़ यात्रा को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

करहां (मऊ) : आगामी चेहल्लुम एवं श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना परिसर में उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री एवं थाना प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बारिश के बीच आयोजित बैठक में नगर एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों, कांवड़ यात्रा समिति के पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने कहा कि चेहल्लुम एवं श्रावण कांवड़ यात्रा दोनों ही आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन हैं। सभी लोग आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भ्रामक या भड़काऊ संदेश प्रसारित करने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें।

थाना प्रभारी निरीक्षक के के वर्मा ने बताया कि दोनों पर्वों को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम जुलूस के निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने सभी आयोजकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार, अरविंद यादव, अनिल सिंह सहित पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post