Top News

गुरुपूर्णिमा पर गुरादरी धाम में उमड़ा आस्था का सागर, गुरु पूजन संग विशाल भंडारे में बही श्रद्धा की धारा

गुरुपूर्णिमा पर गुरादरी धाम में उमड़ा आस्था का सागर, गुरु पूजन संग विशाल भंडारे में बही श्रद्धा की धारा

करहां (मऊ) : भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर से भी श्रेष्ठ माना गया है। इसी सनातन गुरु-परंपरा के प्रति अटूट श्रद्धा का अनुपम दृश्य गुरुपूर्णिमा के पावन पर्व पर करहां स्थित प्राचीन वैराग्याश्रम मठ गुरादरी धाम में देखने को मिला, जहाँ श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का अद्भुत संगम उमड़ पड़ा। भोर से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब धाम पहुंचने लगा और पूरा परिसर गुरु-वंदना, भजन-कीर्तन तथा जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।

सतनामी संत परंपरा की इस ऐतिहासिक तपोभूमि पर श्रद्धालुओं ने पाताल गंगा सरोवर के दक्षिणी तट पर स्थित सिद्ध संत बाबा घनश्याम साहब, बाबा पदारथ साहब, बाबा महाबल साहब, बाबा प्रहलाद साहब, बाबा सत्यनारायण साहब एवं बाबा जगन्नाथ साहब की समाधियों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर मत्था टेका और उनके आदर्शों का स्मरण करते हुए आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

इसके उपरांत मठ के वर्तमान पीठाधीश्वर महंत मानस धुरंधर भगवान दास जी महाराज का तिलक, चंदन, पुष्पमाला एवं आरती के साथ विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। महंत श्री ने श्रद्धालुओं को गुरु परंपरा की महिमा बताते हुए जीवन में सत्य, सेवा, संयम और सदाचार का मार्ग अपनाने का संदेश दिया तथा सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।


श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति को देखते हुए करहां बाजार के प्रतिष्ठित फल व्यवसायी अनिल चौरसिया के नेतृत्व में युवाओं द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से लेकर देर शाम तक महाप्रसाद वितरण का क्रम निरंतर चलता रहा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु-कृपा के प्रति अपनी गहन आस्था व्यक्त की।

गुरुपूर्णिमा की आध्यात्मिक छटा केवल गुरादरी धाम तक ही सीमित नहीं रही। क्षेत्र के श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर करहां, श्रीरामजानकी मंदिर भतड़ी, दरबारी दास बाबा की कुटी सिकठिया, रामकृष्णदास बाबा की तपोस्थली कोठिया तथा बाबा वीर माधव दास की शमशाबाद कुटी पर भी गुरु पूजन, धार्मिक अनुष्ठानों एवं भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।


इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह, रवि दूबे, अखंड प्रताप, पुजारी रामदास, अतुल सिंह, नागेंद्र सिंह, रीना देवी, मिथिलेश सिंह, संतोष राय, विवेक कुमार, बबिता देवी, आशीष कुमार, सोनी चौरसिया, डॉ. अंजनी तोमर, मुन्ना सिंह, बालगोविंद यादव, भूपेंद्र सिंह, बैजनाथ राम सहित क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे दिन गुरादरी धाम श्रद्धा, भक्ति और गुरु-परंपरा की दिव्य आभा से आलोकित रहा।





Post a Comment

Previous Post Next Post