बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को रवाना हुआ शिवभक्तों का जत्था
करहां (मऊ) : सावन के पहले सोमवार पर करहां क्षेत्र के शिवभक्तों का एक जत्था सोमवार को मठ गुरादरी धाम से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। समाजसेवी एवं करहां से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी विक्की वर्मा के नेतृत्व में निकले श्रद्धालुओं ने प्रस्थान से पूर्व गुरादरी धाम में पूजा-अर्चना की। शिवभक्तों ने पाताल गंगा सरोवर में स्नान करने के बाद बाबा घनश्याम साहब का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच तीर्थयात्रा शुरू की।
विक्की वर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक व दर्शन-पूजन के साथ बासुकीनाथ और सुल्तानगंज भी जाएंगे। इसके अलावा ताड़केश्वर महादेव तथा जगन्नाथ पुरी में भी दर्शन-पूजन का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रा पूर्ण कर लौटने के बाद कथा श्रवण और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
शिवभक्तों के रवाना होने के दौरान धाम परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। जत्थे में विक्की वर्मा, मनोज मद्धेशिया, राजेश कन्नौजिया, कन्हैया वर्मा, योगेंद्र राजभर और रामअधार चौहान शामिल रहे। क्षेत्रवासियों ने सभी श्रद्धालुओं को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।


Post a Comment