मनाया विभाजन विभीषिका दिवस व किया लाल पैथ लैब का उद्घाटन
करहां (मऊ) : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नौ से 15 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के क्रम में शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। मुहम्मदाबाद गोहना के शहीद चौराहे पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहीदों को नमन करते हुए उनकी स्मृति में माल्यार्पण किया। इस दौरान देश के विभाजन के दौरान बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया। जिला उपाध्यक्ष रामसरन चौहान ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जन-अभियान का रूप ले चुका है। देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए सभी लोगों को अभियान में सहभागी बनना चाहिए।
इसी के साथ रामनगर मोड़, वलीदपुर स्थित डॉ. लाल पैथ डिस्पेंसरी का उद्घाटन भी किया गया। उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होने की बात कही और संस्थान के सफल संचालन की कामना की। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य त्रिभुवन प्रसाद, पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रद्युम्न प्रताप, भाजपा युवा नेता आकाश चौहान, प्रेमचंद वर्मा, डॉ. सी.पी., इंद्रपाल राम, मिथिलेश सोनकर, डॉ. संतोष कुमार, रमेश मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता व लोग उपस्थित रहे।


Post a Comment