चार माह पूर्व सफाई कर खुला नाला छोड़ गए पालिका कर्मी, हादसे की आशंका
आजमगढ़। हाईडिल चौराहे से जहानागंज मार्ग पर आशा हड्डी अस्पताल और ओवरब्रिज के बीच सड़क किनारे करीब तीन मीटर हिस्से में नाला खुला पड़ा है। अतिव्यस्त मार्ग पर लंबे समय से खुले नाले के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है। राहगीरों के साथ ही आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों, ग्राहकों और सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से नाले को तत्काल ढकवाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब चार माह पूर्व नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने नाले की सफाई के लिए उसका ढक्कन हटाया था। सफाई के बाद खुले हिस्से को दोबारा ढकने के बजाय कर्मचारी चले गए। लोगों का कहना है कि जिस स्थान को खोलकर सफाई की गई थी, वहां कूड़ा भी जमा नहीं था। इसके बावजूद चार माह बीतने के बाद भी नाला खुला पड़ा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले को ढकने के लिए वार्ड सभासद को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि व्यस्त सड़क किनारे खुला नाला किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है।



Post a Comment