Top News

आंधी से गिरी नलकूप की कोठरी, मलबे में दबकर किसान की मौत

आंधी से गिरी नलकूप की कोठरी, मलबे में दबकर किसान की मौत

करहां (मऊ) : रानीपुर ब्लाक के बरवा गांव में शुक्रवार दोपहर आई तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खेत में बने नलकूप की कोठरी ढहने से उसके मलबे में दबकर 55 वर्षीय किसान रामप्रवेश चौबे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रामप्रवेश बारिश से बचने के लिए नलकूप के पास बने छप्पर के नीचे चारपाई पर बैठे थे। अचानक तेज हवा के झोंके से लकड़ी की बल्लियां टूट गईं और छप्पर भरभराकर उनके ऊपर गिर गया।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में मौजूद लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर मलबा हटाकर रामप्रवेश को बाहर निकाला और आनन-फानन में रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामप्रवेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। हादसे के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम पसरा है।

दोपहर में अचानक बदले मौसम ने पूरे क्षेत्र की रफ्तार थाम दी। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ उखड़ने के साथ बिजली के खंभे और तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। किसान की मौत की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भी तेज आंधी के दौरान खेतों में बने जर्जर छप्परों और कच्चे निर्माणों को लेकर चिंता बढ़ गई है।



Post a Comment

Previous Post Next Post