ओवरटेक कर बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, मौत
•सरसेना-काझा मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप दिनदहाड़े वारदात
•साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था अवनीश
•बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित
करहां (मऊ) : चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरसेना-काझा मार्ग पर सोमवार को बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने ओवरटेक कर युवक को गोली मार दी। सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय अवनीश की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर एसपी कमलेश बहादुर सहित भारी मात्रा में फोर्स पहुंची। बदमाशो की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गयी हैं और घटना के कारणों की जांच चल रही है। शव का पंचनामा बनाकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेंजा गया है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के लखनुआडीह-काझा निवासी सुरेश का पुत्र अवनीश अपने साथी हंसराज उर्फ गोल्डी के साथ बाइक से सरसेना बाजार से घर लौट रहा था। दोनों काझा की ओर मुड़े ही थे कि पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों पर सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली अवनीश के सिर में लगी। वह सड़क पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। ग्रामीणों और राहगीरों को मौके की ओर आता देख बदमाश काझा की तरफ भाग निकले।
सूचना मिलते ही चिरैयाकोट थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल अवनीश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। एसपी कमलेश बहादुर ने बताया कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।





Post a Comment