मड़ैया मोड़ पर कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में कोहराम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के आजमगढ़-मऊ हाईवे पर मड़ैया चट्टी मोड़ के पास बुधवार देर शाम कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। उपचार के लिए आजमगढ़ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
कमालसेनपुर कोलौरा निवासी नीरज सिंह (35) पुत्र देवेंद्र सिंह किसी काम से मुहम्मदाबाद गोहना बाजार आए थे। देर शाम 06 बजे के करीब बाइक से घर लौटते समय मड़ैया चट्टी मोड़ से गांव की ओर मुड़ रहे थे। इसी दौरान मऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से नीरज सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों व परिजनों ने उन्हें सीएचसी और बाद में कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। आजमगढ़ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार नीरज दो भाइयों में छोटे थे। बड़े भाई पंकज सिंह हैं, जबकि दो बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक अपने पीछे पत्नी और 10 वर्षीय पुत्र छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। वहीं, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। होनहार युवक की आकस्मिक मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल व्याप्त है।


Post a Comment