जन्मदिन की खुशियां बच्चों के साथ बांट पूर्व छात्र ने पेश की मिसाल
•पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय सुल्तानीपुर के पुरातन छात्र नंदलाल यादव ने की प्रेरक पहल
•58वें जन्मदिन पर विद्यार्थियों को दी शैक्षिक एवं खाद्य सामग्री
करहां, मऊ। जन्मदिन पर महंगे समारोह और पार्टियों के बजाय जरुरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने की अनूठी पहल शनिवार को शिक्षा क्षेत्र रानीपुर के पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय सुल्तानीपुर में देखने को मिली। विद्यालय के पुरातन छात्र एवं अमरसेपुर गांव निवासी नंदलाल यादव उर्फ नंदू ने अपने 58वें जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय पहुंचकर बच्चों को शैक्षिक सामग्री के साथ खाद्य व पोषक सामग्री वितरित की। उनकी इस पहल की विद्यालय परिवार के साथ ही क्षेत्र में सराहना हो रही है।
नंदलाल यादव ने कहा कि उन्होंने जीवन में गरीबी और समृद्धि दोनों परिस्थितियों को करीब से देखा है, इसलिए वे शिक्षा के महत्व को भलीभांति समझते हैं। संघर्ष करते हुए छोटे-मोटे कार्यों से आगे बढ़कर आज वे सफल व्यवसायी बने हैं और अपने चारों बेटों को बेहतर शिक्षा दिलाकर उच्च पदों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब एवं जरुरतमंद बच्चों की मदद के उद्देश्य से उन्होंने अपने जन्मदिन पर यह पहल शुरु की है, जिसे आगे भी जारी रखेंगे। उनका मानना है कि अनावश्यक पार्टियों पर खर्च करने के बजाय समाजहित में किया गया छोटा सा प्रयास भी आत्मिक संतोष और सामाजिक उत्थान का माध्यम बन सकता है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शिवशंकर राम ने नंदलाल यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने लोगों से जन्मदिन जैसे अवसरों पर जरुरतमंद बच्चों को कापी, कलम, पुस्तक, बैग, खाद्य सामग्री एवं पोषक आहार आदि उपलब्ध कराकर खुशियां बांटने का आह्वान किया। इस अवसर पर परमानंद मौर्य, विजयनरायन यादव, सत्येंद्र कुमार, विजय कुमार मिश्रा, गोविंद चौहान, अजीत यादव, पंकज सिंह, सुषमा, कुंदन सिंह, चंद्रकला देवी सहित अनेक विद्यार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे।






Post a Comment