Top News

प्रभात फेरी निकाल विद्यार्थियों ने दिया इकोफ्रेंडली दीपावली का संदेश, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

प्रभात फेरी निकाल विद्यार्थियों ने दिया इकोफ्रेंडली दीपावली का संदेश


•एम. शमीम मेमोरियल पब्लिक स्कूल माहपुर व बीएसआरके इंटर कालेज रामनगर खालिसा में हुआ जागरुकता कार्यक्रम, लिया संकल्प

•ग्रीन पटाखों के प्रयोग, मिट्टी के दीयों से घर रोशन करने और जरुरतमंदों के साथ दीपावली मनाने का आह्वान


करहां (मऊ) : दीपावली पर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त त्योहार मनाने के उद्देश्य से एम. शमीम मेमोरियल पब्लिक स्कूल माहपुर तथा बीएसआरके इंटर कालेज रामनगर खालिसा में जागरुकता रैली आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रभातफेरी निकालकर लोगों को इकोफ्रेंडली दीपावली मनाने के प्रति जागरुक किया। शिक्षकों के नेतृत्व में निकाली गई रैली के माध्यम से ग्रीन पटाखों के प्रयोग, मिट्टी के दीयों से घर रोशन करने तथा अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों से बचने का संदेश दिया गया।

वरिष्ठ अध्यापक दानिश खां और रामभजन यादव के नेतृत्व में निकली प्रभातफेरी के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश दिए। प्रधानाचार्य रजनीश राय और दीपक सिंह ने विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियां मनाते समय प्रकृति और दूसरों की सेहत का भी ध्यान रखना जरुरी है। रासायनिक पटाखों के अनियंत्रित प्रयोग से वायु और ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिसका बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में निर्धारित मानकों के अनुरुप प्रमाणित ग्रीन पटाखों को प्राथमिकता देने और पटाखों का प्रयोग सीमित रखने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों से दीपावली पर जरुरतमंदों और बेसहारा लोगों के साथ खुशियां बांटने, घरों को मिट्टी के दीयों से रोशन करने तथा प्राकृतिक फूलों और पत्तियों से सजावट करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि मिट्टी के दीयों की खरीद से स्थानीय कुम्हारों और पारंपरिक कारीगरों की आजीविका को सहारा मिलता है। वहीं प्राकृतिक सजावटी सामग्री के उपयोग और कचरे के उचित निस्तारण से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सकता है।

इस दौरान बीएसआरके इंटर कालेज के प्रबंधक प्रवीण राय ने कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशियों और आपसी सद्भाव का त्योहार है। इसे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना मनाकर हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने में योगदान कर सकते हैं। एम. शमीम मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक आरिफ खां ने कहा कि बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना समय की जरुरत है। सभी लोग मिट्टी के दीये जलाने, प्रदूषण से बचने और जरुरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का संकल्प लें। इस अवसर पर आकिब सद्दाम खां, हिमांशु पांडेय, अब्दुल्ला खां, राजेंद्र प्रसाद, मृत्युंजय कुमार, साबरीन खां, कालेन्द्र राय, रीना यादव, मुकेश कुमार, सुलेमान, चंद्रकला यादव, नूतन राय, अरविंद शर्मा सहित शिक्षक और सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित थे।




Post a Comment

Previous Post Next Post