घर से लापता युवक का गड्ढे में मिला शव, परिवार सहित गांव में शोक
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के तिलसवां गांव में मंगलवार देर शाम 22 वर्षीय प्रमेश सरोज का शव सड़क किनारे गड्ढे में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक सोमवार देर शाम से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, इसी बीच गांव की गोशाला के पास उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
प्रमेश पुत्र सुभाष सरोज सोमवार देर शाम लग्गूपुर बाजार गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। परिवार वालों ने रातभर और अगले दिन उसकी खोजबीन की। मंगलवार शाम सड़क किनारे गड्ढे में शव मिलने की जानकारी हुई। गिरी साइकिल के कारण उधर खोजने पर शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से गांव माता-पिता व परिवार सहित पूरे गांव में शोक व्याप्त है।

Post a Comment