Top News

एआरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

एआरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

(मऊ) : एआरटीओ कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार को जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह, राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव देव प्रकाश राय और जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार को सौंपा। ज्ञापन में परिवहन विभाग में अनियमित वसूली तथा राजस्व को हो रही कथित क्षति की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिले में प्रतिदिन करीब 150 बसें और 500 ट्रक आवागमन करते हैं। आरोप है कि वाहनों से प्रवेश के नाम पर कथित रुप से अवैध शुल्क की वसूली की जाती है। शुल्क नहीं देने वाले वाहन स्वामियों को कागजात पूरे होने के बावजूद परेशान करने और चालान के नाम पर धन वसूली का आरोप भी लगाया गया है। इससे वाहन स्वामियों में काफी नाराजगी है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण और परमिट समेत विभिन्न कार्यों के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक धन लिया जाता है। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सरकारी राजस्व को हो रही क्षति रोकने की मांग की। एडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post