ट्रेन की चपेट में आने से मृत व्यक्ति की हुई पहचान
•भैसहा-मालव निवासी महातम शर्मा के रुप में हुई शिनाख्त
•ससुराल जाने के लिए घर से पैदल निकले थे, रास्ते में हादसा, परिवार में शोक
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बरहदपुर में रविवार शाम शाहगंज-बलिया सवारी गाड़ी की चपेट में आने से मृत अज्ञात व्यक्ति की पहचान भैसहा-मालव निवासी महातम शर्मा (56) के रुप में हुई। सोमवार को परिजनों पर पहुंचकर कपड़ों व शरीर के अन्य हिस्सों के आधार पर उनकी शिनाख्त की। भतीजे अमित शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार महातम शर्मा रविवार शाम 03 बजे पठखौली-केरमा स्थित अपने ससुराल जाने की बात कहकर घर से पैदल निकले थे। वह कुछ समय से मानसिक रुप से अस्वस्थ भी चल रहे थे। देर शाम तक ससुराल नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरु की। इसी बीच बरहदपुर के पास रेलवे पटरी पर अज्ञात व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की जानकारी मिली। चेहरा क्षत-विक्षत होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी थी। सोमवार को परिवार वालों ने पहुंचकर उनकी पहचान की।
महातम शर्मा बढ़ई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके एक बेटे मुंबई और दूसरे विदेश में रहकर नौकरी करते हैं, जिनमे से एक मंगलवार को घर पहुंचें। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर देर शाम पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार हेतु सौप दिया। उनका अंतिम संस्कार मुहम्मदाबाद गोहना-खैराबाद स्थित धरहरा घाट पर किया गया। मृतक की चार बेटियों में दो की शादी हो चुकी है, जबकि दो अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




Post a Comment