मांगों के समर्थन में लेखपालों का प्रदर्शन, संपूर्ण समाधान दिवस से रहे दूर
करहां (मऊ) : लंबित मांगों के निराकरण को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। तहसील परिसर में एकत्र लेखपालों ने नारेबाजी करते हुए संपूर्ण समाधान दिवस सहित राजस्व संबंधी कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया। तहसील अध्यक्ष अनिल कुमार यादव और मंत्री सर्वेश कुमार के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
लेखपालों ने कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद उन्हें पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ज्ञापन में लेवल-5 के प्रारंभिक वेतनमान एवं वेतन विसंगति दूर करने, अंतर्मंडलीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरु करने, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची व डीपीसी जारी करने तथा वर्ष 2024 में नियुक्त लेखपालों की विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित कर स्थायीकरण करने की मांग उठाई गई।
संघ ने स्टेशनरी, यात्रा, वाहन व विशेष भत्ते में वृद्धि, पटल सहायक एवं प्रभारी राजस्व निरीक्षक के रुप में संबद्ध लेखपालों को कार्यमुक्त करने तथा ग्राम सचिवालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की। लेखपालों ने तकनीकी एवं आनलाइन कार्यों के मद्देनजर पद को तकनीकी घोषित कर लैपटाप व मोबाइल भत्ता देने की मांग दोहराई। संघ ने चेताया कि 17 अक्टूबर से प्रस्तावित प्रदेशव्यापी आंदोलन से पहले मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरने में मृत्युंजय सिंह, सत्यपाल सिंह, शिवलाल यादव, शिशिर चौधरी, राजेश, जयप्रकाश, ज्ञानचंद, सुनील गुप्ता, अभिषेक शाही, अनिल यादव, अश्वनी राय, अजमल खान, जैद खान, राजेंद्र राम, रोशन, अजय बहादुर सिंह, सरस्वती चौरसिया समेत अन्य लेखपाल उपस्थित थे।



Post a Comment