सेक्रेड हार्ट स्कूल में बाल दिवस पर सजा स्वाद और हुनर का मेला
•व्यंजन महोत्सव एवं बाल मेले में बच्चों ने दिखाया हुनर, आकर्षक स्टालों पर सजे लजीज व्यंजन
•पूर्व मंत्री श्रीराम सोनकर ने किया शुभारंभ, बच्चों की पाक कला की सराहना की
करहां (मऊ) : बाल दिवस के अवसर पर सेक्रेड हार्ट स्कूल, कालिंदीपुरम, सुरहुरपुर में शनिवार को व्यंजन महोत्सव एवं बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल लगाकर अपनी पाक कला, रचनात्मकता और उद्यमशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की ओर से तैयार लजीज व्यंजनों और आकर्षक प्रस्तुतियों ने अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री श्रीराम सोनकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर व्यंजनों का स्वाद चखा और बच्चों के हुनर की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के बनाए व्यंजनों का स्वाद इतना बेहतरीन है कि विश्वास ही नहीं होता कि इन्हें बच्चों ने तैयार किया है। ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का बेहतर माध्यम हैं।
विद्यालय के प्रबंधक हरिकृष्ण बरनवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है। पठन-पाठन के साथ पाठ्य सहगामी गतिविधियां और रचनात्मक आयोजन भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे उनमें व्यावहारिक ज्ञान, आत्मनिर्भरता और सृजनशीलता का विकास होता है।
प्रधानाचार्य डॉ. किरण कृष्ण बरनवाल ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए बच्चों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार जताया। बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए सीख, आनंद और उत्साह का यादगार अवसर बना।






Post a Comment