Top News

पति की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने रखा करवा चौथ का व्रत


पति की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने रखा करवा चौथ का व्रत


करहां, मु.बाद गोहना, मऊ। सम्पूर्ण भारत राष्ट्र सहित विदेशों में रहने वाली हिंदुस्तानी महिलाओं ने बुधवार को पति की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का व्रत रखा। जनपद की तमाम सुहागिनों के साथ करहां परिक्षेत्र में भी इस व्रत की धूम रही। बाजारों में दिनभर बनी रही विशेष चहल पहल के साथ देर शाम मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड अन्तर्गत ग्राम दरौरा के राजर्षि नगर में सुहागिन महिलाओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव, माता पार्वती और कार्तिकेय के साथ-साथ भगवान गणेश की पूजा कर चंद्रदर्शन के साथ पति का चेहरा देखा और अर्घ्य देने के बाद स्वयं जल ग्रहण किया।

ज्ञातव्य हो कि इस व्रत को पहली बार माता पार्वती ने भगवान शिव के लिए रखा था। मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से मां पार्वती को अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिला था। कहते हैं कि तभी से सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद पाने के लिए करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। ऐसा माना जाता है कि यह व्रत रखने से पति के जीवन में किसी भी तरह के कष्ट नहीं आते हैं।

इसी उद्देश्य के निमित्त सामूहिक रूप से किरन, नीतू, अर्चना, संगीता, सरोज, मंटू, वंदना, रीना, सुधा, अर्चिता, रोमी आदि सुहागिन स्त्रियों ने करवा चौथ के दिन सूर्योदय से पहले स्नान कर व्रत का संकल्प लिया। इसके बाद पूरे दिन निर्जला व्रत रख शाम को चंद्रमा के उदय होने पर तुलसी माता के समीप गौरी, गणेश, भगवान शिव-पार्वती, कार्तिकेय और चंद्रमा का पूजन किया। चंद्रमा की पूजा कर  सात बार गोल घूमकर अर्घ्य दिया। विधि-विधान से पूजन करने के बाद स्वयं ही वाचन कर करवाचौथ की कथा सुनी। पूजा करने के बाद महिलाओं ने अपने पतियों का चेहरा देखा तथा निर्जला व्रत का पारण किया।

 
व्रती महिलाओं ने कहा कि करवा चौथ का व्रत विवाहित महिलाओं के लिए विशेष महत्त्व रखता है और यह उनके पतिव्रता, प्रेम और साझेदारी का प्रतीक होता है। इस अवसर पर उक्त सुहागिन स्त्रियों के पति रविंद्रनाथ, कुँवर अज़ीत, जयप्रकाश, संतोष कुमार, विनोद प्रताप, अविनाश तोमर, ज्ञानवेंद्र सिंह, बजरंगी सिंह, नीरज कुमार, अश्वनी कुमार, कुश सिंह आदि मौजूद रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post