मऊ के खुरहट व करहाँ में निकली अक्षत कलश की भव्य शोभायात्रा
करहाँ, मऊ। स्थानीय तहसील अंतर्गत खुरहट व करहाँ में रविवार को श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या से पूजित पुण्य अक्षत कलश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भीषण ठंढ में भी दोनों अक्षत कलश यात्राओं में बेहद जोश व उत्साह देखा गया। जय श्रीराम के उद्घोष से बाजार व गाँव की गलियाँ गुंजायमान हो उठीं। सर्द मौसम में भी पहले खुरहट और देर शाम करहाँ में पीत वस्त्र धारण किये हुए सैकड़ो उत्साही स्त्री-पुरूष रामभक्तों के द्वारा यह यात्रा बाजार सहित गांव के विभिन्न मुहल्लों से गुजरी।
इस मौके पर संघ के जिला प्रचारक राममोहन जी भाईसाहब, खंड कार्यवाह धर्मेंद्र सिंह, पदाधिकारी इंद्रजीत यादव, रवि गुप्ता, सूबेदार यादव, गोपाल दूबे, वरिष्ठ भाजपा नेत्री डॉक्टर सीता राय, दीपू सिंह, घोसी के पूर्व विधायक विजय राजभर, समाजसेवी संजीव कुमार द्विवेदी, पप्पू सिंह, गतिविधिक विजयप्रताप सिंह चंदन, रथ संचालक जगदम्बा पांडेय, ग्राम पालक सुरेशचन्द्र वर्मा, रामलीला कमेटी कोलौरा के सम्मानित पदाधिकारियो के नेतृत्व में सबको अक्षत व श्रीराम मंदिर का चित्र भेंटकर निमंत्रित किया गया। साथ ही 22 जनवरी को प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव के दिन देवालयों एवं निजगृहों में उत्सव एवं दीपोत्सव का अनुरोध किया गया।
करहाँ में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हुए रामभक्तों ने समाजसेवी नसीरुद्दीन खां सहित अनेक मुसलमान बंधुओ को भी अक्षत व चित्र स्नेहपूर्वक समर्पित किया।







Post a Comment