Top News

प्रगतिशील किसानों ने लिया शत प्रतिशत मतदान का संकल्प

प्रगतिशील किसानों ने लिया शत प्रतिशत मतदान का संकल्प

करहाँ (मऊ) : तेज बढ़ती गर्मी के साथ चुनावी पारा भी अपने चरम पर है। इस बीच प्रशासन, विभिन्न समाजिक व शैक्षिक संगठनों द्वारा लगातार मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। दैनिक जागरण का 'मतदाता है भाग्यविधाता जागरूकता अभियान जिले भर में समाज के विभिन्न वर्गों से होता हुआ किसानों के पास भी पहुंचा। शुक्रवार को मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के करहां मील पर प्रगतिशील किसानों ने इस मुहिम में भागीदारी निभाते हुये शत प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया। जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाले एफपीओ संगठन दपेहड़ी फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेट के निदेशक चंद्रपाल चौहान ने मतदान का महत्व बताते हुए किसानों एवं व्यावसायियों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई।

ब्लाक क्षेत्र के 14 गांवों में 514 किसानों तक अपनी मजबूत पकड़ बना लेने वाले एफपीओ संचालक चंद्रपाल चौहान ने कहा कि अन्नदाता किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है। उसके कठिन परिश्रम, कार्य, व्यवहार एवं विचार से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिये। उन्होंने उपस्थित किसानों से कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में खुद शत-प्रतिशत मतदान कर अन्य लोगों के लिये भी प्रेरणा बनें।

उन्होने कहा कि प्रायः किसान खेती-बाड़ी के कामों में व्यस्त रहने के कारण वोट देने नहीं जा पाते। चूंकि यह क्षेत्र कृषि प्रधान है और प्रायः यहां किसान परिवार ही रहते हैं। इसलिए मतदान के दिन अन्य सभी कामों को कुछ समय तक रोककर मतदान अवश्य करें। घर की महिलाओं को भी समय निकालकर मतदान के लिए अवश्य ले जांय। जागरूक नागरिक होने के नाते मजबूत लोकतंत्र की स्थापना के लिए अधिक से अधिक मतदान के लिए हम सबको सामूहिक प्रयास करना होगा। देश में मजबूत व विकासवादी सरकार चुनने के लिए एक-एक वोट काफी महत्वपूर्ण है।

कहा कि हमें अपने वोट की ताकत को समझते हुए एक जून को सबसे पहले मतदान फिर उसके बाद दूसरा काम करना है। तभी चुना गया सांसद व सरकार किसान हितों के लिये कार्य करने पर विवश होंगे। इस अवसर पर संकल्प लेने वालों में प्रमोद शर्मा, डाक्टर पी.डी. चौहान, शैलेश कुमार चौहान, डाक्टर अवधेश यादव, राजेंद्र कुमार, फैजान अहमद, विकास सरोज, सागर, विनोद, संजय कुमार, मूलचंद, कपिलदेव, अनिल कुमार, नाथू यादव, सुशील कुमार आदि किसान उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post