नवनिर्मित एफडीआर सड़क में दरारें, की गई पैचिंग
करहां (मऊ) : मऊ व आजमगढ़ की जनपदीय सीमाओं को जोड़ने वाली करहां से जहानागंज एफडीआर तकनीकि से बनी नवनिर्मित सड़क जगह-जगह दरकने लगीं। रविवार की शाम इसे अनुरक्षण कर्मियों ने पैचिंग करके मरम्मत करने का प्रयास किया। तीन-चार महीने पहले बने इस मार्ग के टूटने से कार्यदायी संस्था एवं उसकी गुणवत्ता पर प्रश्न चिन्ह खड़े हो रहे हैं।
बता दें कि दो दशक से भी अधिक समय से उक्त मार्ग बेहद क्षतिग्रस्त था। वर्षो बाद सड़क निर्माण का संयोग बना तो अब मात्र साढ़े तीन महीने में ही कार्य में लापरवाही उजागर होने लगीं। तिलसवां, लग्गूपुर, ओटनी व सद्धोपुर नामक गांवो में यह सड़क दरक गयी। खामियां छुपाने के लिए अनुरक्षण कर्मियों ने आनन-फानन रविवार की शाम पैचिंग कर ढकने का प्रयास किया।
साथ ही इस सड़क मार्ग में लग्गूपुर व ओटनी सहित अल्पसंख्य बहुल करहां बाजार के घने इलाके में आरसीसी बन रही है। इसमें लग्गूपुर व ओटनी में निर्धारित 5.50 मीटर की चौड़ाई में आरसीसी बन चुकी है, लेकिन करहां में इसकी चौड़ाई मात्रा 3.5 मीटर ही रखकर कार्य किया जा रहा है।
इससे जाम की समस्या से हमेशा दो-चार होना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों की मांग है कि यहां की चौड़ाई भी अन्य सड़क के अनुरूप हो ताकि हमेशा जाम के झाम में फसना न पड़े।





Post a Comment