Top News

बिजली समस्याओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

बिजली समस्याओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


◆मऊ जिले के सीमावर्ती दर्जन भर गांवो के साथ लगाया भेदभाव का आरोप

◆परासी फीडर को दो भागों में  कर समस्या के समाधान का मिला आश्वासन

■करहां (मऊ) : जिले व मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के दर्जन भर सीमावर्ती गांवो के किसान आये दिन की विद्युत समस्याओं से आज़िज़ आ चुके हैं। कई दिनों विद्युत आपूर्ति बाधित रहने, अनियमित कटौती व लो वोल्टेज की समस्या इनकी नियति बन चुकी है। इससे आक्रोशित इन गांवो के किसानों ने प्रदर्शन कर विरोध प्रकट किया और समस्या के शीघ्र व स्थायी समाधान की मांग की।

बता दें कि मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के सौसरवां, देवरिया खुर्द, देवरिया बुज़ुर्ग, बरसवां, हिंडोला, टेकई, तिलसवां, राजापुर, लग्गूपुर, ओटनी, देवसीपुर, सद्धोपुर, कमालपुर पहाड़पुर आदि दर्जन भर गांव मऊ जिले के सीमावर्ती गांव हैं, लेकिन इनकी बिजली आपूर्ति पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के जहानागंज ब्लाक स्थित परासी फीडर से होती है। इस संबंध में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राजापुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बसंत कुमार सिंह ने बताया कि वर्षो से हम किसानों के साथ गैर जनपद के निवासी होने के कारण भेदभाव किया जाता है। इन गांवो की बिजली व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जाता। इस संबंध में हम लोग कई बार अभियंता, एक्सईएन व विभाग के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा से मिलकर प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी हल नहीं निकाला गया।

हालिया प्रकरण यह है कि पिछले दो दिनों से आपूर्ति बाधित रही। इस अवर्षा व उमस के मौसम में हम लोंगों का जीना मुहाल हो रहा है तो धान की बर्बाद हो रही फसलों की सिचाई कैसे करेंगें। इसके अलावा अगर लाइट आती भी है तो अनेक बार कट-पिट कर एवं लो-वोल्टेज में आती है, जिससे कोई काम नहीं हो पाता।

इन समस्याओं से आज़िज़ ग्रामीम किसान मुसाफिर यादव, इंदल सिंह, रविंद्र यादव, चंद्रशेखर पासवान, प्रमोद यादव, रामाश्रय, शिवबचन यादव, रामअवध पासवान, मन्नू सिंह, धर्मेंद्र यादव, विजय पासवान आदि ने विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर उपस्थित होकर जेई छोटेलाल यादव ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अब परासी फीडर को दो भागों में विभक्त कर उच्चीकृत किया जा रहा है। इससे कुछ ही दिनों बाद इन गांवो की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो जायेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post