शक्ति कलश रथ का किया गया पूजन, स्वागत व आरती
◆शांतिकुंज हरिद्वार से आया यह रथ 05 दिनों तक मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक में करेगा प्रवास व विचरण
◆मऊ में 09 से 12 नवंबर के बीच होने वाले राष्ट्र जागरण अभियान व 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ हेतु कर रहा जागरूक
■करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के करहां, भांटी, शमशाबाद व दपेहड़ी में शांतिकुंज हरिद्वार से आये शक्ति कलश रथ का मंगलवार को पूजन-अर्चन व स्वागत कर भव्य आरती उतारी गई। यह रथ स्थानीय ब्लाक में सोमवार से शुक्रवार तक प्रवास व विचरण करेगा। इस रथ व यात्रा के माध्यम से मऊ में 09 से 12 नवंबर के बीच होने वाले राष्ट्र जागरण अभियान व 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिये लोंगो को जागरूक किया जा रहा है।
ब्लाक क्षेत्र में सोमवार से भ्रमण कर रहा शक्ति कलश रथ नोनियापुर में रात्रि प्रवास के बाद करहां पहुंचा। यहां प्रमोद जनकल्याण केंद्र पर गायत्री परिवार की लंबे समय से साधिका व क्षेत्र की सुप्रसिद्ध चिकित्सिका डाक्टर ममता सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रथ का पूजन-अर्चन, स्वागत व आरती की। रथ के साथ चल रहे दर्जनों कार्यकर्ताओं को यहां जलपान कराया गया।
रथ के साथ चल रहे राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक व गायत्री परिवार मऊ के जिला संयोजक डाक्टर रामसुख यादव ने बताया कि यह रथ शांतिकुंज हरिद्वार से राष्ट्र जागरण अभियान के लिए चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मऊ शहर के जीवनराम छात्रावास के मैदान में 09 नंवबर से 12 नवंबर के बीच एक विराट 108 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन होगा। इसमें अखिल विश्व गायत्री परिवार व गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शक व देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार के प्रति कुलपति डाक्टर चिन्मय पंड्याजी का शुभागमन होगा।
करहां के बाद यह रथ शमशाबाद के सुप्रसिद्ध लाल कोठी पहुंचा। यहां सेवानिवृत्त शिक्षक जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रथ का स्वागत किया एवं साथ चल रहे अनुयायियों को दोपहर का भोजन-विश्राम कराया।
इस अवसर पर डाक्टर सरोजबाला सिंह, विष्णुकांत श्रीवास्तव, रंजना सिंह, माला पांडेय, अरुण कुमार सिंह, बेबी सिंह, माला सिंह, खुशबू वर्मा, राहुल मद्धेशिया, कपिल यादव, रेनू मद्धेशिया सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।




Post a Comment