17 नये बूथ अध्यक्षों का जिलाध्यक्ष व पर्यवेक्षक ने किया अभिनंदन
करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा अंतर्गत मुहम्मदाबाद गोहना भाजपा मंडल का एक स्वागत समारोह वृहस्पतिवार को वलीदपुर के रामलीला मैदान स्थित शक्ति केंद्र पर आयोजित हुआ। इसके अंतर्गत नवनिर्वाचित 17 बूथ अध्यक्षों का स्वागत जिला पर्यवेक्षक व जिलाध्यक्ष ने किया। साथ ही वक्ताओं ने पार्टी की नीति व रीति पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्षा संग पहुंचे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पर्यवेक्षक व बहराइच के पूर्व सांसद अक्षयवर गोंड़ ने मंडल अंतर्गत नये चुने गये 17 बूथ अध्यक्षों को अंगवस्त्र प्रदान कर अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में चौकी जीतो तो देश जीतो और बूथ जीतो तो चुनाव जीतो का मंत्र दिया। कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा दल है, जिसमें हर 3 वर्ष पर लोकतांत्रिक रुप से चुनाव कराकर बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक चयन का होता है। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सभी लोग पूर्ण निष्ठा के साथ काम करें एवं भाजपा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के मिशन को कामयाब बनाने में अपना शत-प्रतिशत योगदान दें।
इस दौरान जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल ने कहा कि यही एक दल है जिसमें एक छोटा सा कार्यकर्ता देश के बड़े पदों पर भी बैठ सकता है। अन्यथा अन्य दल तो सिर्फ परिवारवाद, जातिवाद व भाई-भतीजावाद की राजनीति करते हैं। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन मुहम्मदाबाद गोहना भाजपा मंडल अध्यक्ष रामसरन चौहान ने किया। इस मौके पर जिला चुनाव अधिकारी रामतेज पांडेय, जिला सह चुनाव अधिकारी छोटू प्रसाद, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लालजी वर्मा, जिला महामंत्री रामाश्रय मौर्य सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




Post a Comment