Top News

अल्ट्राटेक "यशश्वी प्रधान सम्मान" से सम्मानित हुये नासिरपुर, ओटनी व राजापुर के ग्रामप्रधान

अल्ट्राटेक "यशश्वी प्रधान सम्मान" से सम्मानित हुये नासिरपुर, ओटनी व राजापुर के ग्रामप्रधान

करहाँ (मऊ) : पिछले महीनों से दैनिक जागरण संग मिलकर अल्ट्राटेक द्वारा यशश्वी ग्राम प्रधानों को सम्मानित करने की मुहिम सोमवार को साकार हुई। आजमगढ के ओम साईं होटल के सभागार में मंडलायुक्त आजमगढ मनीष चौहान ने मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना के साथ आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपदों के 20 ग्राम प्रधानों को अल्ट्राटेक व दैनिक जागरण के "यशश्वी प्रधान" सम्मान से सम्मानित किया। इसमें रानीपुर ब्लॉक के नासिरपुर ग्राम प्रधान नीलम मिश्रा पत्नी दिनेश मिश्रा "बीनू बाबा" तथा मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के ओटनी से लगातार दो बार के युवा प्रधान प्रमोद यादव व राजापुर ग्रामप्रधान शीला देवी पत्नी बसंत कुमार सिंह को अंगवस्त्र, प्रमाणपत्र व अल्ट्राटेक किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा मऊ के सम्मानित होने वाले प्रधानों में अंकिता सिंह ग्राम प्रधान माहुर बसगितिया विकास खंड कोपागंज, जगदीश यादव ग्राम प्रधान सुतानपुर विकास खंड बड़रांव, ओम नारायण शर्मा ग्राम प्रधान बेलौझा विकास खंड रतनपुरा, ऋचा श्रीनेत ग्राम प्रधान खंडेयरामपुर विकास खंड परदहां, आनंद मल्ल उर्फ सनी मल्ल ग्राम लखनौर विकास खंड फतेहपुर मंडाव आदि शामिल रहे।

इस अवसर पर ग्रामप्रधान नासिरपुर नीलम मिश्रा व प्रतिनिधि दिनेश मिश्रा ने गांव की प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने पर काम करने का वादा किया। कहा कि सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र ग्रामीणों को लाभान्वित कराया गया है। पहले कम धनराशि आती थी। कम काम होते थे लेकिन अब अधिक काम हो रहें हैं। मंडलायुक्त का मार्गदर्शन ग्राम पंचायतों को बेहतर बनाएगी। गांव की आमदनी बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

ग्राम प्रधान ओटनी प्रमोद यादव ने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प दुहराया। कहा कि यशस्वी प्रधान सम्मान समारोह में भाग लेकर गौरवान्वित हूं। विकास कार्य करने की सीख मिली है। गांव में कुछ कार्य अधूरे रह गए हैं। इसे हर हाल में पूरा करेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। अधिकारियों से मिली सीख जनता के बीच दिखेगी। यह हमारा प्रयास रहेगा।

ग्राम प्रधान राजापुर शीला देवी व प्रतिनिधि बसंत कुमार सिंह ने कहा कि अब कुछ ऐसा करेंगे, जो गांव के लिए मिशाल बन जाय। बताया कि मंडलायुक्त व सीडीओ का भाषण सारगर्भित रहा। हमारे जैसे प्रधानों के लिए यह अच्छा दिन रहा। अधिकारियों ने विकास कार्य के बारे में अच्छी जानकारी दी। उनके बताए सुझाव से गांव को और विकसित करेंगे। गांव में कुछ ऐसा करेंगे, जो मिसाल बन जाए।

समारोह में शामिल मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के ग्राम प्रधान मड़हापट्टी बृजराज निषाद ने कहा कि किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करेंगे। बताया कि मंडलायुक्त मनीष चौहान ने गांव के विकास के बाबत नई जानकारी दी है। वैज्ञानिकों ने खेती व मिट्टी की सेहत की जानकारी देकर हमें प्रभावित किया है। अब हम किसानों को जैविक खेती करने के लिए प्रेरित करेंगे। रासायनिक खादों का प्रयोग न करने की सलाह देंगे।



Post a Comment

Previous Post Next Post