Top News

ब्रह्म के प्रति जीव के समर्पण की कथा है महारास : पंडित महेशचंद्र

ब्रह्म के प्रति जीव के समर्पण की कथा है महारास : पंडित महेशचंद्र


करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत तिवारीपुर नासिरपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन गोवर्धन लीला, नाग नथैया, महारास व श्रीकृष्ण-रुक्मणि विवाह की कथा सुनाई गई। कथावाचक पंडित महेशचंद्र मिश्र ने कहा कि महारास की कथा ब्रह्म के प्रति जीव के समर्पण की कथा है। इसका रहस्य समझना हल्के लोंगो की बस की बात नहीं। महारास आध्यात्मिक दृष्टि से आत्मा व परमात्मा का मिलन भाव है।

कथा विस्तार के क्रम में आचार्य महेश ने बताया कि गोपियां कोई साधारण स्त्री नही हैं। "गोभिः इन्द्रियैः कृष्ण रसं पिवति सा गोपी।" अर्थात जो प्रत्येक इन्द्रिय से कृष्ण रस का निरन्तर पान करे, वह गोपी है। महारास के उपरान्त भगवान मथुरा गये और कंस का वध किया। सत्रह बार जरासंध को पराजित किया। साथ ही रातों रात द्वारिका पुरी का निर्माण किया। रुक्मिणी से भगवान के विवाह के बारे में उन्होंने बताया कि विदर्भ नरेश भीष्मक की पुत्री का नाम है रुक्मणी था। वह कन्हैया से बहुत प्रेम करती थीं। बताया कि रुक्मणी साक्षात लक्ष्मी का अवतार हैं। "रामरूपे भवेत सीता रुक्मिणी कृष्ण जन्मनि।" अर्थात रामावतार में लक्ष्मी, सीता बनकर आयीं और कृष्णावतार में रुक्मणी।

रुक्मिणी के भाई रुक्मी ने उनका विवाह शिशुपाल से तय कर दिया था। रुक्मणी ने द्वारिकाधीश को पत्र लिखा कि हे प्रभु मैंने जब से नारदजी के द्वारा आपके गुणों को सुना है मेरे सारे संताप नष्ट हो गए। अब आपकी यह दासी आपके दर्शन की अभिलाषी है। जैसे कोई सियार सिंह का भाग ले जाना चाहता है, उसी प्रकार मेरा विवाह शिशुपाल से हो रहा है। आप मुझे यहां से ले जाइये। पत्र सुनकर कन्हैया गये और कुलदेवी के मन्दिर से रुक्मिणी का हरण कर लिया और द्वारिकापुरी में धूमधाम से श्रीकृष्ण रुक्मिणी का परिणय सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर पंडित शुभम तिवारी, पंडित विमल मिश्र, मुख्य यजमान विजयबहादुर तिवारी, डाक्टर अशोक तिवारी, प्रद्युम्न मौर्या, दिनेश मिश्रा, रामनारायण तिवारी, साहब सिंह, तेजप्रताप तिवारी, रविकांत वेद नारायण सहित सैकड़ों श्रद्धालु श्रोता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post