विवाहिता महिला ने संदिग्ध अवस्था में फाँसी लगाकर दी जान
करहां (मऊ ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली थाना क्षेत्र के फरीदपुर धर्मा ग्राम पंचायत स्थित हरनासाथ मौजा में सोमवार की सुबह 25 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। मंगलवार को सुबह 08 बजे मायके वालों ने डायल 100 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, कोतवाल रवींद्रनाथ राय मय पुलिस फोर्स के घटनास्थल पर पहुंच कर घटना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। मौके पर फोरेंसिक टीम के लोगों ने भी पहुंच कर कमरे से घटना से संबंधित साक्ष्य संकलित किया। घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है। हालांकि मृतका के पिता और भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चुंनगापार गांव निवासी अंजू की शादी 17 जून 2017 को हरनासाथ गांव निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। धर्मेंद्र मजदूर है और वह शादी विवाह में खाना बनाने का काम करता है। उसके 5 और 4 साल के दो बेटे हैं। सोमवार को सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। चर्चा है कि पति ने उसकी पिटाई कर दिया और घर से चला गया। विवाद से क्षुब्ध होकर अंजू ने घर के एकमात्र कटरैन के कमरे में लगे बांस पर रस्सी बांधकर उसके सहारे फांसी लगा लिया। कुछ देर बाद मृतका के बच्चे घर में पहुंचे तो शोर मचाया।
सूचना पर पति धर्मेंद्र भी घर पहुंचा और उसने अंजू के भाई और पिता को फांसी लगाने की जानकारी दिया। मृतका के पिता जगन्नाथ और भाई कन्हैया ने पति और ससुराली जनों पर हत्या का आरोप लगाया है। हरनासाथ गांव में महिला की संदिग्ध मौत की सूचना पर मंगलवार को क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, कोतवाल रविंद्रनाथ राय और जनपद मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच किया और कमरा से साक्ष्य संकलित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना शीतला प्रसाद पांडेय ने बताया कि मौके का निरीक्षण और जांच में प्रथम दृष्टया घटना आत्महत्या की प्रतीत हो रही है लेकिन सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment