पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर बाइक व अर्टिका कार की टक्कर में बाइक सवार की मौत
करहां (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना एक अर्टिका कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के कारण हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बगली पिजड़ा गांव निवासी 28 वर्षीय संतोष किसी कार्यक्रम में शामिल होकर रविवार रात करीब 11:30 बजे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चाल्हा गांव के पास स्थित अंडरपास के निकट सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अर्टिका कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। कार सड़क से आधा नीचे उतर गई और एयरबैग खुलकर क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष गंभीर रुप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एम्बुलेंस से रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद संतोष को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही रानीपुर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना में शामिल अर्टिका कार को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी। वहीं युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।


Post a Comment