माहपुर में चला संचारी रोग नियंत्रण हेतु सफाई अभियान
करहां (मऊ) : जिलाधिकारी मऊ के निर्देशानुसार अप्रैल माह में चलाये जाने वाले संचारी रोगों के नियंत्रण हेतु सफाई अभियान की शुरुआत हो गयी है। इसके लिए मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक में न्याय पंचायतवार सफाईकर्मियों की टोली बनाकर बुधवार को माहपुर गांव में सफाई अभियान चलाया गया। इसका नेतृत्व नोडल अधिकारी एडीओ पंचायत आदित्य सिंह कर रहे हैं।
लगभग दो दर्जन सफाईकर्मियों की टोली द्वारा गांव में नालियों, घास-फूस की सफाई करके जलजमाव वाली जगहों पर ब्लीचिंग पाउडर, चूना, सेनीटाइजर आदि का छिड़काव किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही मच्छरमार दवा का छिड़काव कर संचारी रोगों से लोंगों को बचाने प्रयास किया जा रहा है।
इस विषय में खंड विकास अधिकारी डाक्टर चंद्रशेखर कुशवाहा द्वारा बताया गया कि यह कार्यक्रम 01 अप्रैल से लेकर 30 अप्रैल तक संचारी रोगों के रोकथाम के लिए चलाए जा रहा है। इसमें किसी भी प्रकार की शिकायत पर ग्राम पंचायत सचिव पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सफाईकर्मियों की टोली बनाकर कम से कम तीन दिन स्वच्छता का कार्य कराया जायेगा।


Post a Comment