कलायन के रंगमंच पर दिखी सांस्कृतिक संगम की झलक
◆बीएसआरके ग्रुप आफ इंस्टिट्यूसन रामनगर ख़ालिसा का सम्पन्न हुआ भव्य वार्षिकोत्सव
◆मुख्य अतिथि सहित गणमान्य अतिथियों को किया गया सम्मानित
करहां (मऊ) : वलीदपुर नगर पंचायत के समीप स्थित बीएसआरके शिक्षण संस्थाओं के समूह राममगर ख़ालिसा में मंगलवार की देर शाम भव्य वार्षिकोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इसमें 'कलायन' के रंगमंच पर विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संगम देखने को मिला। प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने मुख्य अतिथि एसपी पीएसी इटावा अनिल सिंह सिसोदिया सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणावादिनी की प्रतिमा पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने कलायन नामक वार्षिकोत्सव के मंच से गणपति वंदना, स्वागत नृत्य, समूह नृत्य, शैक्षिक संवाद, राजस्थानी नृत्य, किसानों के संघर्ष पर भावनृत्य, पुराने गीतों पर मिश्रित नृत्य, द्रौपदी चीर हरण, दानवीर कर्ण, सोसल मीडिया के प्रभाव, गुजराती गरबा, एसिड अटैक, नवदुर्गा, पंजाबी भांगड़ा, मटका फोड़ नृत्य, बैठी रे चिरैया व परदेशिया लोकनृत्य आदि मनोहारी प्रस्तुतियों से लोंगो को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों के भावपूर्ण व संदेशपरक कार्यक्रमों को देखकर दर्शक देर तक तालियां बजाते रहे।
मुख्य अतिथि भदीड़ गांव निवासी एसपी पीएसी इटावा अनिल सिंह सिसोदिया ने छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विद्यालय परिवार की मेहनत को सराहा। कहा कि इस ग्रामीण शिक्षण संस्था के बच्चों की तैयारी देख वे अभिभूत हो गये। इन बच्चों की प्रतिभा शहरी बच्चों से कहीं भी कम नहीं है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में पढ़ाई के साथ खेल-कूद व सांस्कृतिक क्षमताओं का बड़ा योगदान है।
विशिष्ट अतिथिगण मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, शिक्षाविद राकेश तिवारी, क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल सिकटिया के चेयरमैन मुरलीधर यादव, सेक्रेड स्कूल सुरहुरपुर के प्रबंधक हरिकृष्ण बरनवाल, सीएमएस पब्लिक स्कूल दोहरीघाट के प्रबंधक रिंकल राय सहित अनेक आगत गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया। प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने सबको अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। ब्लाक प्रमुख रानू सिंह ने विद्यालय परिवार के बच्चों को नकद पुरस्कार राशि सहित एक हाईमास्क लाइट व आरओ वाटर कूलर प्रदान करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी व अभिषेक राय ने किया।
इस अवसर पर सूर्यप्रताप सिंह, रजनीश राय, रामभजन यादव, शबीब रिज़वी, अनीता यादव, रविप्रकाश सिंह, हिमांशु पांडेय, कालेन्द्र राय, उमेश सोनकर, राहत बानो सहित सैकड़ों अभिभावक, क्षेत्रीय नागरिक व विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।









Post a Comment