Top News

नवाचारी समग्र परीक्षा में शामिल हुए कक्षा-5 के विद्यार्थी

नवाचारी समग्र परीक्षा में शामिल हुए कक्षा-5 के विद्यार्थी

करहां (मऊ) : राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत प्राथमिक स्तर पर बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना में मंगलवार को एक नवाचारी पहल की शुरुआत की गई। इस पहल के अंतर्गत ब्लाक की 9 पंचायतों तथा नगर क्षेत्र के सभी 113 विद्यालयों के कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं को सम्मिलित करते हुए भाषा और गणित विषयों की संयुक्त परीक्षा आयोजित की गई।

परीक्षा में भाषा और गणित के 25-25 प्रश्न शामिल किए गए, जिन्हें कुल 50 अंकों के पूर्णांक में दो घंटे की समयावधि में हल कराया गया। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी की सक्रिय उपस्थिति और निगरानी रही, जिन्होंने स्वयं पूरी परीक्षा प्रक्रिया का संचालन सुनिश्चित कराया। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य बच्चों के लर्निंग गैप की पहचान करना है, जिससे शिक्षकों को बच्चों के स्तर के अनुरुप अपनी शिक्षण विधियों में सुधार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की पहल से बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी और उनकी बुनियादी शिक्षा को मजबूती मिलेगी।

गौरतलब है कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा वर्ष 2027-28 तक सभी राज्यों को ‘निपुण राज्य’ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस लक्ष्य को 2026-27 तक ही प्राप्त करने का संकल्प लिया है। परीक्षा का आयोजन पब्लिक महिला सहर पीजी कालेज, बरामदपुर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर एसआरजी संजय कुमार तिवारी, एआरपी पवन कुमार गुप्ता, राकेश यादव, अरविंद कुमार, धनंजय सिंह, राजेश राम, स्वतंत्र श्रीवास्तव, शमीम अंसारी, बंशराज, प्रवीण कुमार सिंह, अमित कुमार यादव सहित सभी विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post