Top News

अज्ञात पिकअप की टक्कर से एक की मौत, तीन घायल

पिकअप की टक्कर से एक की मौत, तीन घायल

करहां (मऊ) : वैवाहिक समारोह से खाना बनाकर ऑटो से साथियों संग घर जा रहे 38 वर्षीय व्यक्ति की अज्ञात पिकअप की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य तीन साथियों को हल्की चोटें आई हैं। सूचना पर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर शाम मृतक का अंतिम संस्कार गाजीपुर गंगा घाट पर किया गया।

यह हादसा गुरुवार व शुक्रवार की रात लगभग 2:30 बजे के करीब मुहम्मदाबाद गोहना करहां मार्ग पर टंडवा-जमुई गांव के पास हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के बरहतिर जगदीशपुर गांव निवासी चंदन कश्यप 38 वर्ष अपने तीन अन्य सहयोगियों किरण देवी, मुन्ना और बबलू के साथ घोसी क्षेत्र में एक वैवाहिक समारोह में खाना बनाकर ऑटो से वापस घर जा रहा था। चंदन ऑटो में किनारे की तरफ बैठा था। इस बीच टंडवा-जमुई गांव के निकट सामने से तेज रफ्तार से आ रही अज्ञात पिकअप वाहन ने धक्का मार दिया। ऑटो में किनारे की तरफ बैठा चंदन कश्यप रोड पर गिर गया और उसकी कुचलकर मृत्यु हो गई।

सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के घर मे मौत की सूचना से कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। देर शाम गाजीपुर गंगा तट पर मुखाग्नि दी गयी।

Post a Comment

Previous Post Next Post