Top News

हाईकोर्ट के निर्देश पर पहुंची टीम नहीं कर पायी सीमांकन का कार्य पूर्ण

हाईकोर्ट के निर्देश पर पहुंची टीम नहीं कर पायी सीमांकन का कार्य पूर्ण

◆मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के याकूबपुर में होना था खोर व चकमार्ग के अतिक्रमण का सीमांकन

◆लोक अदालत के अपर जिला जज/सचिव बाकर शमीम रिजवी के नेतृत्व में तकनीकी सहायकों व लेखपाल कानूनगों ने दिन भर की कड़ी मेहनत

◆रानीपुर थानाध्यक्ष राजीव सिंह, उप निरीक्षक अख्तर अली संग मौजूद रही पुलिस फोर्स

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील व रानीपुर थानांतर्गत याकूबपुर गांव में गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी महेश सिंह की याचिका पर गांव की खोर व चकमार्ग पर अतिक्रमण के निस्तारण हेतु हाईकोर्ट के निर्देश पर बुधवार को दिन भर पैमाइश हुई। लोक अदालत अपर जिला जज व सचिव बाकर शमीम रिजवी के नेतृत्व में तकनीकी सहायकों व तहसील के करीब दर्जन भर लेखपाल कानूनगों की दिन भर की कड़ी मेहनत से भी कुछ खास हासिल नहीं हो सका। पड़ोसी गांवों की सरहद से मिलान करने पर आनलाइन सीमांकन में बार-बार अंतर आ जा रहा था। बिना किसी ठोस निर्णय के पूरी टीम शाम 6 बजे के करीब वापस लौट गई। इस दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।

बता दें कि सेना से रिटायर फौजी महेश सिंह ने हाईकोर्ट में पीआईएल फाइल कर गांव की खोर व चकमार्ग की भूमि का सीमांकन कराने का आग्रह किया था। जिस पर सोमवार को हाईकोर्ट ने डीएम, एसपी, थानाध्यक्ष व उपनिरीक्षक की उपस्थिति में बुधवार को सीमांकन कराने का निर्देश दिया था। इस पर पहले भी तहसील स्तर से दो बार मे पांच ग्रामीणों पर बेदखली की कार्यवाही कर कोर्ट को सूचित किया जा चुका था, लेकिन न्यायालय ने तहसील व थाने की कार्यवाहियों से असंतुष्ट होकर जिला स्तर से सीमांकन का निर्देश जारी किया।

दिन भर विभिन्न पड़ोसी गांवो के सरहदों से मिलान करने पर हर बार सीमांकन के कार्य में अंतर आ जा रहा था। अंततः तहसील से कानूनगों व लेखपाल बुलाये गये लेकिन समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया। तेज धूप व गर्मी में पूरे दिन मेहनत करने के बावजूद पूरी टीम बेरंग वापस लौट गयी। इस दौरान रानीपुर थानाध्यक्ष राजीव सिंह, उप निरीक्षक अख्तर अली, हेड कांस्टेबल विकास सिंह मय फोर्स मौजूद रहे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, याची महेश सिंह, एडवोकेट अरविंद सिंह, सुमंत सिंह, अरिमर्दन सिंह, रामनाथ यादव, भाना चौहान आदि दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post