कुशल प्रशासक व समाज सुधारक थीं अहिल्याबाई होल्कर : सुनील गुप्ता
करहां (मऊ) : अहिल्याबाई होल्कर एक कुशल मराठा प्रशासक व समाज सुधारक थीं। उन्होंने अपने जीवन काल में अनेक सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक व महिलाओं के जागरण हेतु कार्य किया। उनसे प्रेरणा लेकर ही हम लोग महिला सम्मेलन आयोजित कर मातृशक्तियों को सम्मानित कर रहे हैं।
यह बातें नगर पंचायत कार्यालय वलीदपुर के प्रांगण में शुक्रवार सायंकाल पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर के त्रिशताब्दी महोत्सव के क्रम में आयोजित महिला सम्मलेन में क्षेत्रीय भाजपा महामंत्री व पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहीं। वे जिला भाजपा प्रतिनिधि रामसरन चौहान के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला भाजपा उपाध्यक्ष संगीता द्विवेदी व अध्यक्षता कर रही नगर पंचायत चेयरमैन सावित्री गुप्ता के साथ मिलकर अहिल्याबाई होल्कर के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभासदों एवं स्वछता कर्मियों को अंगवस्त्र, माल्यार्पण व प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
दायित्व प्रभारी संगीता द्विवेदी ने कहा कि एक महिला होकर भी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने कार्यों से बड़े आयाम स्थापित किये। महिला सुधार व विधवाओं को पुनर्जीवन देने जैसे उनके कार्य सदैव याद किये जायेंगे। चेयरमैन सावित्री गुप्ता ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर की जन्म शताब्दी महोत्सव पर मातृशक्ति को सम्मानित करना अपने आप में एक बड़ा गौरव है। आप सभी उनके पदचिन्हों पर चलकर समाज व जनता जनार्दन की सेवा करें।
कार्यक्रम का संचालन रामसरन चौहान व धन्यवाद ज्ञापन मुहम्मदाबाद गोहना भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा ने किया। इस अवसर पर सौरभ गुप्ता, अर्जुन कुमार, प्रियंका पांडेय, अज़र परवीन, मोना गुप्ता, नीरज, रजिया खातून, धर्मेश यादव, सहाना खातून सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
Post a Comment