Top News

घुटमा गेट से सिक्स लेन तक की सड़क जर्जर, मरम्मत की उठी मांग

घुटमा गेट से सिक्स लेन तक की सड़क जर्जर, मरम्मत की उठी मांग

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना चिरैयाकोट मार्ग पर स्थित करहां बाजार के घुटमा गेट से सिक्स लेन को जोड़ने वाली लिंक रोड की हालत इन दिनों अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में यह मार्ग जलजमाव के कारण कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे न केवल पैदल चलने वाले लोग बल्कि वाहन चालकों की भी मुसीबतें बढ़ जाती हैं। क्षेत्रीय लोंगों ने बरसात से पूर्व इसकी मरम्मत की मांग की है।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग एवं स्थानीय नेतृत्वकर्ताओं पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए बताया कि कई बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। दुकानदारों का कहना है कि मात्र तीन किलोमीटर वाली यह सड़क चार वर्षों बदहाल पड़ी है। इसके कारण ग्राहक भी कम आने लगे हैं, जिससे व्यापार पर असर पड़ रहा है। इसी मार्ग से ही करहां परिक्षेत्र के सबसे पुराने जनता राष्ट्रीय इंटर कालेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को आना जाना पड़ता है। यहां प्रति वर्ष बोर्ड की परीक्षा के अलावा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं का सेंटर भी बनाया जाता है। इस मार्ग से बिना घनी बाजार और करहां गांव के तंग रास्ते पर गए बगैर लोग बाहर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर चले जाते हैं।

रविंद्र मद्धेशिया, इनामुलहक, चंद्रशेखर भारती, शकील अहमद, विजय कुमार गौतम, रितिक सिंह, अंबुज जायसवाल, प्रभाकर राय, शेषनाथ सिंह, एखलाक अहमद आदि क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराई जाए, जिससे आवागमन सुगम हो सके। इस संबंध में विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है आशा है कि शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post