Top News

खबर का पड़ा सीधा असर, करहां में रुके नाले का काम शुरु

खबर का पड़ा सीधा असर, करहां में रुके नाले का काम शुरु

करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार में जिला पंचायत कोटे से हो रहे नाले के निर्माण में देरी की खबर प्रकाशित होते ही संबंधित ठेकेदार ने काम शुरु करा दिया। बाजारवासियों के मुताबिक नाले की खुदाई कर ठीकेदार और मजदूर लापता हो गये थे। बीच बाजार खुदे नाले से जहां व्यापार प्रभावित हो रहा था, वहीं ग्राहक व दुकानदार आये दिन गिरकर घायल हो रहे थे। काम शुरु होने से सबने राहत की सांस ली है और बरसात से पूर्व काम पूर्ण कर यथास्थिति बहाल करने की मांग की है।

इस बाबत अजीत एक्सप्रेस न्यूज में "बीच बाजार निर्माणाधीन नाले के निर्माण में देरी बनी जी का जंजाल" शीर्षक से एवं दैनिक जागरण में नौ जून को पृष्ठ संख्या चार पर 'नाले की खोदाई कर ठीकेदार लापता, बाजार के लोग परेशान' नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर का सीधा असर कार्यदायी संस्था पर पड़ा और 11 जून बुधवार से पुनः ठीकेदार ने आकर काम शुरु करवा दिया।

हालांकि अभी भी काम की अपेक्षा मजदूरों की संख्या काफी कम है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या बरसात के पहले नाले का निर्माण पूर्ण होता है या अधर में लटक जाता है। इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि करहां रवि पासी का रुख भी ठीकेदार के रवैये को लेकर सख्त दिखा। उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई व शीघ्र काम पूर्ण कर बाजारवासियों को हो रही परेशानी से निजात दिलाने की मांग की।



Post a Comment

Previous Post Next Post