आबादी की जमीन पर अंबेडकर मूर्ति रखने को लेकर विवाद, प्रशासन ने कराया समझौता
करहां (मऊ) मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वलीदपुर के मोहल्ला भीरा पतलोइया पुरा में गुरुवार को दो पक्ष तब आमने-सामने आ गये जब एक पक्ष द्वारा सुबह आबादी की जमीन पर बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति रखी जाने लगी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। कहा कि बिना अनुमति आबादी की जमीन पर कोई भी मूर्ति नहीं रखी जानी चाहिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत वलीदपुर मुहल्ला परासखाड़ निवासी रामाशीष यादव और थाना जीयनपुर जमीन शेखपुरा निवासी मनोरमा यादव ने नगर के मोहल्ला भीरा पतलोइया पुरा में किसी की आबादी की जमीन खरीदा था, तथा अपनी जमीन की साफ-सफाई बुधवार को करा रहे थे। इसी बीच गुरुवार की सुबह दूसरे पक्ष के नरमू राम, राजेंद्र राम आदि ने बंजर बताकर वहां डाक्टर भीमराव अम्बेडकर की जमीन समझ कर उस पर चबूतरा व अंबेडकर की मूर्ति स्थापित कर दी।
इसकी सूचना जैसे ही रामाशीष व मनोरमा यादव को लगी तो मौके पर पहुंचकर इस मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। राजस्व विभाग को सूचित कर मौके पर बुलाया गया। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल जाहिद खान , कानूनगो प्रकाश सिंह ने जमीन का सीमांकन करने के बाद उस जमीन को आबादी घोषित कर दिया।
करीब तीन घंटे तक चले दोनों पक्षों के विवाद को पुलिस ने किसी तरह से शांत करने के बाद सुलह समझौता कराया और जमीन पर बने चबूतरे और अंबेडकर मूर्ति को हटवाया। पुलिस और राजस्व विभाग द्वारा दोनों लोगों को निर्देश दिया कि जब तक उच्च अधिकारी इस मामले में कोई निर्णय नहीं ले लेते हैं, तब तक उक्त जमीन पर कोई भी काम नहीं किया जायेगा।
इस विषय मे कोतवाली प्रभारी अतिरिक्त सुजीत सिंह ने बताया कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के कहीं पर मूर्ति स्थापित नहीं कर सकता, सिर्फ अपने घर के अंदर ही मूर्ति की स्थापना कर सकता है, इसलिए दोनों पक्षों को समझाकर जमीन में बने चबूतरे और मूर्ति को हटवा दिया गया है, फिलहाल मामला शांत है। इस मौके पर वलीदपुर चौकी प्रभारी सरफराज खान, चौकी प्रभारी लाल साहव गौतम, भाजपा के प्रांतीय परिषद के सदस्य व वरिष्ठ नेता छोटू प्रसाद, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सौरव गुप्ता, विरेंद्र राव समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स उपस्थित रही।






Post a Comment