Top News

बीच बाजार निर्माणाधीन नाले में देरी बनी जी का जंजाल

बीच बाजार निर्माणाधीन नाले में देरी बनी जी का जंजाल

◆करहां में जिला पंचायत कोटे से बन रहा नाला

◆व्यापारी व ग्राहक गिरकर हो रहे चोटिल

करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार में जिला पंचायत कोटे से नाले का निर्माण हो रहा है जिसके निर्माण में हो रही देरी बाजारवासियों के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। बरसात आसन्न है और नाले का निर्माण कार्य रुका हुआ है। घनी बाजार के बीच हो रहे नाले के निर्माण में देरी से व्यापारी व नागरिको को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। आयेदिन लोग इसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोंगो ने इसके शीघ्र निर्माण कर आवागमन सुगम बनाने की अपील की है।

बता दें कि करीब 20 दिन पहले ठेकेदार उपेंद्र यादव ने जेसीबी से नाले की खुदाई शुरू करवाई थी। इसके बाद से काम की रफ्तार बेहद धीमी रही। फिलहाल मजदूर काम पर नहीं आ रहे हैं और ठेकेदार तथा उनके सहकर्मी भी मौके पर नहीं दिख रहे हैं। क्षेत्र के सुप्रसिद्ध गुरादरी मठ सहित बाजार की दुकानों में ग्राहकों खासकर महिलाओं व बच्चों को आने-जाने में बेहद परेशानी हो रही है। रात के अंधेरे में कई लोग नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं। हाल ही में चाय विक्रेता संतोष साहू भी नाले में गिरकर बुरी तरह से घायल हो गए, जिनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

व्यापार मंडल के विष्णुकांत श्रीवास्तव, राहुल मद्धेशिया, राहुल गुप्ता, विनोद प्रजापति, विनोद यादव, संजय सिंह, अमित कुमार, अभिषेक यादव, अजीत चौरसिया आदि का कहना है कि यदि नाला निर्माण में तेजी नहीं लाई गई तो बरसात के बाद मिट्टी के ढेर और कचरे से व्यापारियों का बुरा हाल होगा। महिलाएं और बच्चे प्रतिदिन गिरकर गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं। लोगों ने अपर जिया पंचायत राज अधिकारी व जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराते हुए तत्काल नाला निर्माण में तेजी लाने की मांग की है।

जिला पंचायत प्रतिनिधि रवि पासी ने कहा कि ठेकेदार ने हफ्ते पहले जेसीबी से खुदाई करके छोड़ दिया जो गलत है। उन्हें जितना काम करना था, उतनी ही खुदाई करनी चाहिए थी। उन्होंने जेई से ठेकेदार का पेमेंट रोकने की बात कही है। इस संबंध में जिला पंचायत के जेई खुर्शीद अहमद ने बताया कि बीच बाजार हो रहे नाले के निर्माण से बाजारवासियों को हो रही समस्या से वे भिज्ञ हैं। मजदूरों की कमी से देरी हुई है लेकिन अब शीघ्र काम पूरा कराके यथास्थिति बहाल कर दी जायेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post