शमशाबाद-भांटीकला अंडरपास मार्ग खस्ताहाल, मरम्मत की उठी मांग
◆पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान हुई थी क्षतिग्रस्त
◆एक वर्ष पूर्व गिट्टी डालकर चला रोलर लेकिन नहीं पड़ा डामर
करहां (मऊ) : करहां पलिया मार्ग के शमशाबाद से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के भांटीकला अंडरपास तक जाने वाला लिंक मार्ग पिछले चार वर्षों से खस्ताहाल हालत में पड़ा हुआ है। इससे दर्जनों गांवो के लोंगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने बरसात से पहले इसकी शीघ्रातिशीघ्र मरम्मत की मांग की है।
गौरतलब हो कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान अनेक लिंक मार्गों की भांति यह सड़क भी टूट गयी। आसपास की अन्य सड़कों को तो कार्यदायी संस्थाओं ने बना दिया लेकिन आरएएफ महिला पीजी कालेज शमशाबाद से भांटीकला अंडरपास तक जाने वाले करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग की किसी ने सुधि नहीं ली। काफी प्रयासों के बाद एक वर्ष पूर्व गिट्टी व मिट्टी डालकर रोलर चलाया गया लेकिन इसे डामर नसीब नहीं हुआ। पिच के अभाव में पुनः इस सड़क में गड्ढे हो गए और धूल-मिट्टी का अंबार फैल गया। जबकि इसी के समकालीन खराब हुई रानीपुर-खुरहट व पलिया-करहां मार्ग दो बार बन चुका।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात अब आसन्न है, यदि शीघ्र इस मार्ग की मरम्मत नहीं की गई तो चलना दूभर हो जायेगा। इस मार्ग से टड़वा, सेमरी, बंदीकला, करपिया, नोहरेपुर, भवराजपुर, चेरुईडीह, अरैला, चकभीखा, भांटीकला व खुर्द, शमशाबाद, दरौरा, घुटमा, दपेहड़ी, नगपुर, माहपुर, परवा, भतड़ी, गद्दोपुर आदि अनेक गांवो के किसानों, व्यापारियों, मरीजों, विद्यार्थियों, वादकारियों, बुनकरों आदि का रोजाना आना-जाना है। इस मार्ग से रोज सैकड़ों छात्र-छात्राएं शमशाबाद, दरौरा व करहां स्थित स्कूलों, कालेजों, लाइब्रेरियों व उच्च शिक्षण संस्थाओं में आते-जाते हैं। इसकी शीघ्र मरम्मत जनहित में बेहद आवश्यक है।
क्षेत्रवासी नागेंद्र भूषण प्रताप सिंह, रवि पासी, रामजीत यादव, रवींद्रनाथ सिंह, मोहम्मद अशफ़ाक, जगदीश चौहान, संतोष सिंह मिंटू, नवमी प्रसाद, अंबुज जायसवाल, लक्ष्मी यादव, जयप्रकाश यादव, चंद्रकांत तिवारी, बाबूलाल आदि ने संबंधित विभाग से इसकी जल्द मरम्मत की मांग की है। कहा कि यदि शीघ्र इस सड़क को नहीं बनाया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



Post a Comment