प्रचंड गर्मी के कारण परिषदीय विद्यालयों की छुट्टियाँ बढ़ीं
करहां (मऊ) : प्रदेश सहित पूरे उत्तर भारत में पड़ रहीं प्रचंड गर्मी, तेज धूप व उमस से लोग बेहाल हैं। ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा परिषदीय विद्यालयों के 16 जून से खोलने के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को लेकर बच्चे, अभिभावक व शिक्षक डरे हुए थे। कई दिनों से उन्हें बच्चों के पढ़ने और इतनी गर्मी में भेजने को लेकर असमंजस था। अंततः शुक्रवार को विभाग ने संज्ञान लेते हुए परिषदीय विद्यालयों के गर्मी का अवकाश बढ़ा दिया। इससे पूरे प्रदेश के बच्चों व अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। हालांकि शिक्षकों के लिए यह छूट नहीं है। उन्हें पूर्व निर्धारित तिथि से ही विद्यालय जाना पड़ेगा।
बता दें कि भीषण गर्मी को देखते हुए अब परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं हेतु स्कूल 30 जून तक बंद रहेंगे। पहले 20 मई से 15 जून तक स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। 16 जून से बच्चों को स्कूल जाना था। हालांकि शिक्षकों को 16 जून से ही स्कूल जाना होगा।
उप्र बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने इसके लिए आदेश पत्र जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा कि वर्तमान में अत्यधिक गर्मी एवं हीटवेव को देखते हुए स्कूलों में 30 जून तक पठन-पाठन के लिए छात्र-छात्राएं नहीं आएंगे। एक जुलाई से स्कूल अपने निर्धारित समय पर नियमित खुलेंगे। जबकि, अध्यापकों के लिए 16 जून से स्कूल खुल जाएंगे।

Post a Comment