कूड़े-कचरे के ढेर से करहां का नाला जाम
◆बारिश होते ही लोगों के घरों में घुसेगा पानी
◆लोगों ने उठाई सफाई कर ढकने की मांग
करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार क्षेत्र का गद्दोपुर-माहपुर नाला कूड़े-कचरे से भरकर जाम हो गया है। बारिश आने वाली है और इसकी सफाई की जहमत किसी ने नहीं उठाई। जब बारिश के बाद गंदा पानी घरों में घुसने लगेगा, तब सभी एक दूसरे पर आरोप मढ़ते नज़र आएंगे। चूंकि यह नाला मुहम्मदाबाद गोहना से चिरैयाकोट रोड और करहां से जहानागंज रोड के ठीक कोने से होकर जाता है, इसलिए इस मार्ग के राहगीर भी प्रभावित हुए बगैर नहीं रह सकते। अगल-बगल कई चिकित्सालय होने के कारण खुले में बजबजाता हुआ जाम नाला प्रदूषण और संक्रामक बीमारियों का भी सबब बन सकता है।
माहपुर, गद्दोपुर, जोगीपुरा, करहां बाज़ार और गांव से होता हुआ यह नाला आगे जाकर बाहा का रुप लेकर भांटी के ताल में मिल जाता है। इसके माध्यम से बरसात का पानी भैसहीं नदी में पहुंच जाता था। पिछले चार वर्ष पहले सठियांव से लेकर पिपरीडीह तक इसी ताल के बीच पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण हो गया। इससे जलनिकासी का यह प्राकृतिक स्रोत बाधित हुआ है। तभी से इस क्षेत्र के दर्जनों गांवों में जलजमाव की भयंकर समस्या उत्पन्न हो गयी है। रही सही कसर इन जाम नालों और बाहों ने पूरी कर दी है।
क्षेत्रवासी विष्णुकांत श्रीवास्तव, विजय कुमार सिंह, शोएब खां, संतोष चौरसिया, अजय यादव, राकेश भारद्वाज, अभिषेक यादव, अनिल जायसवाल, सद्दाम हाशमी आदि ने बरसात से पहले इसकी सफाई कर नाले को ढकने की मांग की है।



Post a Comment