ट्रक में फंसकर विद्युत केबल सहित गिरा खंभा, पिकअप क्षतिग्रस्त
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना चिरैयाकोट मार्ग पर नेवादा पुलिया से दक्षिण शुक्रवार को चिरैयाकोट से आ रहे एक ट्रक में विद्युत केबल फंस गई। इसकी वजह से केबल सहित खंभा टूटकर गिर गया। पहले से सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप पर वह खंभा गिर गया, जिससे पिकअप क्षतिग्रस्त हो गयी। केबल टूटने से लगभग दो दर्जन घरों की विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गयी। सूचना पाकर आये विद्युत कर्मी केबल और खंभे को सही करने में लगे हैं।
ट्रक संख्या यू.पी. 70 जे.टी. 4929 चिरैयाकोट से मुहम्मदाबाद गोहना की तरफ जा रहा था। जैसे वह नेवादा पुलिया के करीब पहुंचा तो उसी समय नीचे लटकी हुई 440 वोल्ट की विद्युत केबल में फंस गया। तेज झटके के कारण केबल सहित खंभा पलट गया और किनारे खड़ी पिकअप संख्या यूपी54 क्यू-9093 पर खंभा गिरने से उसका शीशा टूटकर बिखर गया और पिकअप क्षतिग्रस्त हो गयी।
हालांकि विद्युत केबल टूटने से लोग बाल-बाल बच गए तथा कोई अनहोनी नहीं हुई। इस संबंध के चिरैयाकोट विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अश्वनी कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से विद्युत केबल और खंभा टूटने की सूचना प्राप्त हुई है। मौके पर पहुंचे विद्युतकर्मी आपूर्ति बहाल करने में लगे हैं।


Post a Comment