चार साल बाद भी नहीं बनी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान खराब हुई सड़क

चार साल बाद भी नहीं बनी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान खराब हुई सड़क

करहां (मऊ) : करहां पलिया मार्ग के आर.ए.एफ. महिला पीजी कालेज शमशाबाद के मुख्य द्वार के पास से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के भांटीकला अंडरपास तक जाने वाला लिंक मार्ग एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हो गयी थी। चार वर्षों के बाद भी इसके मरम्मत का काम पूर्ण नहीं हुआ। इससे दर्जनों गांवो के लोंगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से इसके शीघ्र मरम्मत की मांग की है।

बता दें कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान अनेक लिंक मार्गों की भांति यह सड़क भी बेहद क्षतिग्रस्त गयी थी। आसपास की अन्य सड़कों को तो कार्यदायी संस्थाओं ने बना दिया लेकिन शमशाबाद की सीमा से भांटीकला अंडरपास तक जाने वाले करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग की किसी ने सुधि नहीं ली। काफी प्रयासों के बाद एक वर्ष पूर्व गिट्टी व मिट्टी डालकर रोलर चलाया गया लेकिन 04 वर्षो के बाद भी इसे एक अदद पिच नसीब नहीं हुई। पिच के अभाव में पुनः इस सड़क में गड्ढे हो गए और धूल-मिट्टी, जलजमाव और कीचड़ से आवागमन प्रभावित है। हालांकि इसी के समकालीन खराब हुई रानीपुर-खुरहट व पलिया-करहां मार्ग दो बार बन चुका।

👇...क्षेत्रीय लोंगो की प्रतिक्रिया...👇

• इस महत्वपूर्ण सड़क से आर.ए.एफ. महिला पीजी कालेज शमशाबाद, हरिपालजी स्मारक पीजी कालेज दरौरा सहित लगभग एक दर्जन कालेजों, पब्लिक स्कूलों, कोचिंग सेंटरों व डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ाई करने वाले सैकड़ों विद्यार्थी रोजाना आते-जाते हैं। इन्हें आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

◆रामाश्रय सिंह, प्रबंधक आरएएफ महिला पीजी कालेज, शमशाबाद

•यह सड़क विपरीत परिस्थितियों में करहां बाजार के बाईपास का काम करती है। इसके अलावा यह चिरैयाकोट, पलिया, मऊ, मुहम्मदाबाद गोहना, खुरहट, बंदीकला, सिरियापुर देईया माता स्थान जाने के लिए लिंक मार्ग का काम करती है। इसका शीघ्र निर्माण जनहित में आवश्यक है।

◆चंद्रकांत तिवारी, युवा नेता, भांटीकला

•यह सड़क शमशाबाद, दरौरा, दपेहड़ी, घुटमा, भांटी, अरैला, चकभीखा, सम्मोपुर, करहां, चेरुईडीह आदि गांवों के किसानों, व्यवसायियों व मरीजों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसकी मरम्मत बेहद जरुरी है।

◆रामजीत यादव, प्रधान प्रतिनिधि, शमशाबाद

•शमशाबाद करहां व भांटीकला गांव धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनैतिक, शैक्षिक, व्यापारिक व कृषि संबंधी कार्यों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उक्त सड़क इन सब केंद्रबिंदुओं को जोड़ने की धुरी है। पीडब्लूडी विभाग से इसके शीघ्र मरम्मत कर पिच निर्माण की मांग है।

◆राहुल सरोज, व्यवसायी, शमशाबाद

Post a Comment

Previous Post Next Post